RSS Chief Mohan Bhagwat: स्वदेशी से आत्मनिर्भरता की अलख जगाने कानपुर पहुंचे संघ प्रमुख, दो दिन करेंगे प्रवास
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद आरएसएस के सर संघ चालक मोहन भागवत सिविल लाइंस स्थित क्षेत्र संघ चालक के आवास पर ठहरे हैं।
कानपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों के लिए अगले दो दिन बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं। इस दौरान उन्हें स्वदेशी के जरिए आत्मनिर्भरता बढ़ाने का मंत्र मिलेगा। साथ ही संघ की अलग-अलग गतिविधियों को गति देने की सीख मिलेगी।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत बुधवार रात 9.20 बजे राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली से कानपुर आ गए। स्टेशन पर संघ के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सभी सिविल लाइंस स्थित क्षेत्र संघ चालक वीरेंद्र जीत सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां कानपुर प्रवास के दौरान सर संघ चालक को रहना है। 10 व 11 सितंबर को वह संघ की गतिविधियों में से पर्यावरण, ग्राम्य विकास, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता और गो सेवा पर चर्चा करेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत कानपुर प्रवास पर हाई सिक्योरिटी के बीच में रहेंगे।
उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए सिविल लाइन ले जाया गया। वे प्रदेश प्रमुख बैरिस्टर वीरेंद्रजीत सिंह के आवास पर प्रवास करेंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत कानपुर 9 से 12 सितम्बर तक प्रवास करेंगे। इस बीच वे विभिन्न मामलों को लेकर संघ पदाधिरियो आदि से अलग- अलग बैठके करेंगे। प्रान्त भर से संघ के प्रमुख पदाधिकारी भी कानपुर पहुँचे है। सभी के साथ एजेंडा तय है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान कोरोना की गाइड लाइन का पालन होगा।
पदाधिकारियों के मुताबिक जब सर संघ चालक भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा करते हैं तो सामान्य तौर पर किसी प्रांत में कोई अच्छी योजना चल रही होती है तो उसे भी अपने प्रांत में अपनाने की सलाह देते हैं। उनके लिए सुरक्षा की व्यवस्थाएं भी पूरी की जा चुकी हैं। संघ के प्रांत सह प्रचार प्रमुख अनुपम के मुताबिक दो दिन की बैठक के बाद वह 12 सितंबर की सुबह लखनऊ जाएंगे।