गोविंद नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए बिछने लगी बिसात, नेता गढ़ रहे रणनीति Kanpur News
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने बूथ कमेटियों के सत्यापन पर दिया जोर वार्ड स्तर पर जिम्मेदारी बांटी।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। एक दिन पहले डिप्टी सीएम एवं गोविंद नगर विस उपचुनाव के प्रभारी केशव मौर्य ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया था। वहीं दूसरे दिन रविवार को सह प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने दो मंडलों में बैठक करके चुनावी रणनीति गढ़ी।
रविवार को लाजपतनगर मंडल की बैठक गेस्ट हाउस तो पनकी मंडल की बैठक बिरसा मुंडा छात्रावास रावतपुर में हुई। इन बैठकों में वार्ड और बूथ स्तर के महत्वपूर्ण पदाधिकारी बुलाए गए थे। सह प्रभारी रंजना उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव के मोड में आ जाएं। जनता के बीच जाएं और उनके रुख को परखें। इसके अलावा बूथ कमेटियों का सत्यापन कर लिया जाए। ताकि यह पता चल सके कि कमेटी में कोई कार्यकर्ता इस वक्त निष्क्रिय तो नहीं है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को जनसंपर्क की तरह लें और चुनाव की जमीन मजबूत करें। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में ए, बी, सी और डी ग्रुप के बूथों के लिए तय रणनीति के अनुसार सदस्यता कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह मेहनत भी चुनाव में बेहद कारगर साबित होगी। दोनों बैठकों को कानपुर महानगर उत्तर के अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने भी संबोधित किया। विधानसभा संयोजक विजय मिश्रा, ममहिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जल्द होंगे बूथ स्तरीय सम्मेलन
उपचुनाव में भाजपा तैयारियों के मामले में अपने प्रतिद्वंद्वियों को बेहद पीछे छोड़ देने की तैयारी में है। इसी कड़ी में जल्द ही गोविंदनगर विधानसभा के तीनों मंडलों में बूथ स्तरीय सम्मेलन कराने की भी तैयारी चल रही है।