श्रीराम मंदिर के लिए विहिप और भाजपा मिलकर 15 जनवरी से चलाएंगे सहयोग निधि अभियान
पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इस अभियान के तहत चाहे किसी व्यक्ति से पांच या दस रुपए मिलें उससे सहयोग जरूर लिया जाए। इसमें समाज के सभी वर्गों का जुड़ाव भी किया जाए। ग्राम स्तर तक लोगों को लगाया जा रहा है।
कानपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद के साथ मिलकर सहयोग निधि जुटाने का अभियान चलाएगी। 15 जनवरी से शुरू होने वाले इस अभियान के लिए भाजपा जिले से बूथ स्तर तक अपनी बैठकें भी करेगी और हर स्तर पर प्रभारी भी नियुक्त किए जाएंगे। हालांकि अभी यह तय किया जाना शेष है कि जो मंडल प्रभारी हैं वे वर्तमान वाले ही रहेंगे या उनमें कोई बदलाव होगा।
हर वर्ग से लिया जाएगा सहयोग
इसके लिए हर स्तर पर पहले से बैठकें भी आयोजित होंगी और उनमें जिला, मंडल, बूथ स्तर पर प्रभारी बनाकर उन्हेंं जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। हालांकि विहिप और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समाज के सभी वर्गों में गहरी पकड़ है। फिर भी कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं, इस अवधारणा के साथ भाजपा को भी निचले स्तर तक जिम्मेदारी दी जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इस अभियान के तहत चाहे किसी व्यक्ति से पांच या दस रुपए मिलें उससे सहयोग जरूर लिया जाए। इसमें समाज के सभी वर्गों का जुड़ाव भी किया जाए।
इनका ये है कहना
भारतीय जनता पार्टी के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के मुताबिक ग्राम स्तर तक लोगों को लगाया जा रहा है। प्रत्येक घर से राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग निधि प्राप्त हो, इस संदेश से कार्य किया जा रहा है। वैसे भी यह ऐसा विषय है कि लोग खुद ही आगे आकर सहयोग निधि देने को तैयार हैं।