जय-जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा कानपुर, निधि संग्रह के लिए रामभक्तों ने निकाली जागरूकता यात्रा
चंद्रिका देवी चौराहा से शुरू हुई यात्रा गांधी पार्क रायपुरवा तेजाब मिल कैंपस कारवालो नगर अफीम कौठी चौराहा लक्ष्मीपुरवा डिप्टी पड़ाव संगीत टाकीज होता हुआ जरीब चौकी पहुंचा। यात्रा शुरू होने के काफी पहले ही महिलाएं उसमें शामिल होने के लिए पहुंच गई थीं।
कानपुर, जेएनएन। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान को जनमानस के बीच तक ले जाने के लिए रविवार को विश्व हिंदू परिषद ने चंद्रिका देवी मंदिर चौराहा से जन जागरण यात्रा निकाली। इस दौरान जहां जय-जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे वहीं देश में गूंजे नाम, राजाराम-राजाराम गीत भी बजता रहा। जन जागरण यात्रा आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र में गलियों में घूमा।
तमाम वाहनों के साथ निकले लोग
श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद निधि समर्पण अभियान चला रहा है। रविवार को विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महाना ने भगवा झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में लोडर, ई रिक्शा को सजाया गया था। इसके अलावा बाइक और स्कूटी से लोग साथ में चल रहे थे। यात्रा की शुरुआत में ही कई लोग अपनी तरफ से समर्पण राशि लेकर पहुंचे। उन्हें बताया गया कि जनजागरण यात्रा निकाली जा रही है लेकिन उनसे समर्पण निधि लेने घर तक टोली जरूर पहुंचेगी। चंद्रिका देवी चौराहा से शुरू हुई यात्रा गांधी पार्क, रायपुरवा, तेजाब मिल कैंपस, कारवालो नगर, अफीम कौठी चौराहा, लक्ष्मीपुरवा, डिप्टी पड़ाव, संगीत टाकीज होता हुआ जरीब चौकी पहुंचा। यात्रा शुरू होने के काफी पहले ही महिलाएं उसमें शामिल होने के लिए पहुंच गई थीं। यात्रा के दौरान पगड़ी लगाए, रामनामी पहने युवक भी चल रहे थे। इसके अलावा हाथ में गदा लिए प्रशांत शुक्ला के साथ उनकी टोली भी थी। यात्रा में समर्पण निधि के लिए कानपुर प्रांत के प्रमुख दीनदयाल गौड़, जिला अभियान प्रमुख रमेश चंद्र बाजपेई, जिला मंत्री धनराज सिंह राजपूत, जिला निधि प्रमुख अमित जायसवाल रहे।
महिलाएं बोलीं
- श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए कार्य चल रहा है, ऐसे में हम लोग भी अपना पूरा सहयोग देना चाहते हैं। इसीलिए जन जागरण यात्रा शुरू होने के काफी पहले ही आ गई थी। - ऊषा शुक्ला, झंडे वाली गली, रायपुरवा
- हमारे क्षेत्र में यात्रा निकल रही है तो उसमें शामिल भी हो रहे हैं ताकि राम मंदिर निर्माण में अपना अधिक से अधिक सहयोग कर सकें। - मीना प्रजापति, लक्ष्मीपुरवा झाड़ू वाली गली
- राम मंदिर निर्माण के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग जागरूक हों यह हमारी भी जिम्मेदारी है। घर से समय निकाल कर ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को अभियान से जुटना चाहिए। - प्रेमलता तांबे, रायपुरवा।
- महिलाओं को अभियान से जुड़ने से श्रीराम मंदिर निर्माण की बात घर-घर तक पहुंचने लगी है। इससे इस अभियान को और मजबूती मिल रही है। - शालिनी गुप्ता, रायपुरवा।