विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Railways News: लखनऊ कानकोर्स निर्माण से रेल यातायात पर असर, कानपुर में कई ट्रेनें प्रभावित, देखें ट्रेन लिस्ट

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:50 PM (IST)

लखनऊ में चल रहे कानकोर्स निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से कुछ कानपुर तक सीमित ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लखनऊ में कानकोर्स निर्माण से रेल यातायात बाधित हुआ

  2. कई ट्रेनें कानपुर तक सीमित, कुछ के मार्ग बदले गए

  3. गोविंदपुरी स्टेशन पर कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है

जागरण संवाददाता, कानपुर। लखनऊ स्टेशन पर चल रहे कानकोर्स निर्माण कार्य का असर रेल यातायात पर पड़ा। निर्माण कार्य के कारण सोमवार को कई ट्रेनों का संचालन कानपुर तक ही किया गया। इसके अलावा कई ट्रेनें मार्ग बदलकर चलाई गईं। इसी तरह मंगलवार को भी कई ट्रेनों का संचालन लखनऊ की जगह कानपुर सेंट्रल और मानक नगर तक सीमित किया जाएगा। साथ ही गोरखपुर, टनकपुर, शक्तिनगर, पनवेल समेत कई शहरों से आने-जाने वाली ट्रेनों के मार्ग भी बदले जाएंगे।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या 64701 का संचालन सोमवार को कानपुर सेंट्रल तक ही किया गया। मंगलवार को भी इस ट्रेन का संचालन कानपुर सेंट्रल तक ही होगा।

इसी तरह 64702 लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी लखनऊ की जगह कानपुर से ही चलाई गई। मंगलवार को भी ये ट्रेन कानपुर सेंट्रल से ही चलेगी। दूसरी ओर कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है।

64212 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ और 64214 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ सोमवार को मानक नगर तक शार्ट टर्मिनेट रही। यह ट्रेन मंगलवार को भी मानक नगर स्टेशन तक शार्ट टर्मिनेट रहेगी। वहीं 64255 उतरहटिया-कानपुर सेंट्रल का संचालन मानकनगर से शुरू होगा। 64203 लखनऊ-कानपुर सेंट्रल आज और कल लखनऊ की जगह मानक नगर से चलेगी।

ये ट्रेनें निकलीं मार्ग बदलकर

15636 गुवाहाटी-ओखा का मार्ग सोमवार को बदला गया था। यह ट्रेन बाराबंकी-मल्हौर-आलमनगर-ऐशबाग-कानपुर सेंट्रल होकर चलाई गई। इसी तरह 12555 गोरखपुर-भटिंडा, 12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल, 15065 गोरखपुर-पनवेल को सोमवार को बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर होकर चलाया गया। ये ट्रेन मंगलवार को भी इसी रूट पर चलेगी। इसी तरह 19410 गोरखपुर-साबरमती सोमवार को जबकि 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस और 12597 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मंगलवार को इसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित होंगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 19201 भावनगर टर्मिनस-अयोध्या कैंट भी सोमवार को कानपुर सेंट्रल-मल्हौर-बाराबंकी होकर संचालित हुई।

इधर, यात्रियों की सुविधा के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन के फेरों में विस्तार, आदेश जारी

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रांची-आनंद विहार पूजा स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए हैं। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 02877 रांची से तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को और ट्रेन नंबर 02878 आनंद विहार से चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। 

वहीं, ट्रेनों की संख्या तो बढ़ी, लेकिन स्टेशन तक पहुंचने के लिए सीधी कनेक्टिविटी नहीं

 

सेंट्रल स्टेशन का लोड कम करने के लिए गोविंदपुरी स्टेशन को विकसित किया जा रहा है। यहां ट्रेनों की संख्या आठ जोड़ी से बढ़ाकर 15 जोड़ी कर दी गई है। एक तरफ रेलवे सुविधाएं बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी तरफ यात्रियों के लिए स्टेशन तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है। शहर के बीच होने के बावजूद यहां तक पहुंचने के सुगम साधन नहीं हैं। 


स्टेशन तक न मेट्रो जाती है, न सिटी बसें चलती हैं। सेंट्रल से फजलगंज होकर जाने पर यात्रियों को दो जगह आटो बदलने पड़ते हैं। गोविंद नगर व साकेत नगर के लोग चावला मार्केट होकर पहुंचते हैं। आसपास कोई चौराहा न होने से सवारी वाहनों की किल्लत रहती है। रात में साधन न मिलने से यात्रियों को महंगे आटो या टैक्सी बुक करने पड़ते हैं। रही-सही कसर रेलवे फाटक और खराब सड़कें पूरी कर देती हैं। स्टेशन के ऊपर बने फजलगंज-गोविंदनगर पुल से स्टेशन तक उतरने वाली एप्रोच रोड टूटी होने से आवागमन बेहद कठिन है। शहर के किसी कोने से यहां पहुंचने में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। संपर्क मार्ग और सार्वजनिक परिवहन के अभाव में स्टेशन का विकास अधूरा साबित हो रहा है।

स्टेशन पर सभी यात्री सुविधाएं बेहतर कराई गई हैं। वहां यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। रेलवे की अपनी सड़क भी बेहतर है।
-अमित कुमार सिंह, पीआरओ, प्रयागराज रेल मंडल

गोविंदपुरी पुल के नीचे से स्टेशन पर जाने वाली सड़क का निर्माण नगर निगम कराएगा। बरसात के बाद इसे बनवाया जाएगा, टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है।
-कमलेश पटेल, अधिशासी अभियंता जोन पांच