वृद्धा को रिक्शे से धक्का देकर पर्स लूटा, गंभीर
जागरण संवाददाता, कानपुर : कर्नलगंज थाने से चंद कदम दूरी पर बदमाशों को पुलिस को चुनौती देते हुए
जागरण संवाददाता, कानपुर : कर्नलगंज थाने से चंद कदम दूरी पर बदमाशों को पुलिस को चुनौती देते हुए रिक्शा सवार वृद्धा का पर्स लूट लिया। लूट के दौरान वृद्धा ने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू लगा दिया। इस पर भी वृद्धा भिड़ गई तो उन्होंने रिक्शा पलटाकर उन्हें गिरा दिया। उसके बाद पर्स लूटकर भाग निकले। पुलिस की हीलाहवाली का ही नतीजा है कि रविवार दोपहर भी बेखौफ बदमाशों ने लाजपतनगर में घर के बाहर महिला को गन प्वाइंट पर लूट लिया था।
खलासी लाइन निवासी बुजुर्ग महिला डोरिस मोजिस सोमवार शाम घर से खरीदारी करने के लिए पी रोड गई थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे वह रिक्शे से घर लौट रही थीं। जैसे ही रिक्शा कर्नलगंज में मैकराबर्टगंज ढाल पर बढ़ा तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला का पर्स छीनने की कोशिश की। महिला ने पर्स नहीं छोड़ा और उसे अपनी ओर खींचने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया और पर्स न देने पर रिक्शे को धक्का देकर पलटा दिया। इससे वृद्धा सड़क पर गिर पड़ीं। उनके सिर, हाथ, पैर में काफी चोट आई। रिक्शा चालक ने शोर मचाया लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। इसके बाद बदमाश चाकू दिखाते हुए महिला का पर्स लूटकर फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर चौकी इंचार्ज व हमराह मौके पर पहुंचे। डायल 100 की भी वैन पहुंची। तब महिला को थाने लाया गया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में सिपाही दौड़ाए लेकिन वे नहीं मिले। मेडिकल कराकर महिला से तहरीर ली गई। सीओ कर्नलगंज राजेश पांडे ने कहा कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।