देश के चौकीदार बने भ्रष्टाचार के भागीदार : प्रियंका चतुर्वेदी
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राफेल डील को बताया देश का सबसे बड़ा घोटाला
जागरण संवाददाता, कानपुर : काग्रेस आगामी चुनाव में राफेल सौदा मामले को अहम राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है। बुधवार को कानपुर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने तिलक हॉल में प्रेसवार्ता में संकेत दिए। उन्होंने राफेल सौदा मामले को भाजपा सरकार का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि देश के चौकीदार भ्रष्टाचार के भागीदार बन गए हैं।
दोस्त को फायदा पहंुचाने के लिए देश से की वादाखिलाफी
प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दोस्त की निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए देश के साथ वादाखिलाफी करने के साथ ही भ्रष्टाचार किया। कहा कि संप्रग सरकार ने वायुसेना की जरूरत के अनुसार 126 विमानों के लिए सौदा किया था। हमारे सौदे में एचएएल तो टेक्नोलॉजी ट्रान्सफर भी होनी थी लेकिन मोदी सरकार ने महज 36 विमानों का सौदा किया, वह भी तीन गुना अधिक कीमत में। उनके पास इसके सारे सबूत हैं। जरूरत पड़ी तो हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।
जनता के बीच मुद्दा बनाएंगे राफेल सौदा, सरकार आई तो कराएंगे जांच
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यदि सरकार ने कोई घोटाला नहीं किया है तो संयुक्त संसदीय समिति बनाने से क्यों बच रही है। हमारी सरकार आई तो समिति बनाकर जाच कराएंगे। सभी दोषियों को सजा दिलाएंगे। उससे पहले इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में हुए घोटाले पर जनता को खुलकर विरोध में सामने आना होगा। उनकी पार्टी विपक्ष की भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभा रही है, वह जनता के साथ हर समय खड़ी है। प्रियंका ने एससी एसटी मामले में कहा कि वह ऐसे कानून के समर्थन में हैं, जिससे कोई वर्ग मजबूत होता हो।