Move to Jagran APP

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति में राजनीति की पाठशाला, पढि़ए किसने क्या दिया मंत्र

कार्यसमिति के समापन सत्र को उपमुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित।

By AbhishekEdited By: Published: Tue, 23 Oct 2018 12:23 PM (IST)Updated: Tue, 23 Oct 2018 12:23 PM (IST)
भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति में राजनीति की पाठशाला, पढि़ए किसने क्या दिया मंत्र

कानपुर (जागरण संवाददाता)। भाजयुमो कार्यकर्ताओं के लिए प्रदेश कार्यसमिति ने पूरी तरह राजनीति की पाठशाला का रूप ले लिया। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सिर्फ चुनाव में जुट जाने का लक्ष्य ही नहीं सौंपा, बल्कि राजनीतिक सिद्धांत, आदर्श-मूल्य सिखाने के साथ ही सुनहरे भविष्य की संभावनाएं भी दिखाईं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने तो स्पष्ट कहा कि भाजयुमो भाजपा का लांचिंग पैड है।

loksabha election banner

अपना विजिटिंग कार्ड बनवाने की बजाए गरीबों के राशन कार्ड बनवाएं

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति का समापन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में युवाओं की अहमियत शुरू से ही है। सवाल-जवाब के लहजे में युवा कार्यकर्ताओं से मुखातिब डॉ. पांडेय ने कहा कि जनसंघ के समय भी हमारा भारतीय युवा संघ हुआ करता था। युवाओं में संघर्ष का जज्बा हमेशा बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारें तो आती-जाती रहती हैं, आप लोग गरीब जनता की मदद को अपना लक्ष्य बनाकर राजनीति के क्षेत्र में कदम बढ़ाएं। अपना विजिटिंग कार्ड बनवाने की चाहत न रखें, बल्कि गरीबों के राशन कार्ड बनवाएं। कुछ अधिकारी उदासीन भी होते हैं, उनसे जनता के काम कराने में ही युवाओं को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सेल्फी विद लाभार्थी बहुत महत्वपूर्ण अभियान है। आप लोगों को लाभार्थियों की सूची मिल जाएगी। उनसे संपर्क कर अहसास कराएं कि भाजपा की योजना ने उनके जीवन में कितना सुखद बदलाव किया। युवाओं से बोलें कि आप अपने नेतृत्व पर भरोसा रखिये। फिर गृह मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई शीर्ष नेताओं के नाम गिनाकर बोले कि यह सभी युवा मोर्चा से निकलकर ही इस मुकाम पर पहुंचे हैं।

भविष्य का नेतृत्व तैयार करता है भाजयुमो : डॉ. शर्मा

भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने युवा कार्यकर्ताओं के बीच अपने कई संस्मरण साझा किए। साथ ही बोले कि भाजयुमो भविष्य का नेतृत्व तैयार करता है। आप भाजपा के लहराते झंडे के डंडे हैं। जनता से संवाद में संकोच न करें, सरकार ने बहुत काम किया है। साथ ही समझाया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को प्रतिद्वंद्वी न समझें। अभाविप और भाजयुमो एक-दूसरे के पूरक हैं। कांग्रेस पर हमलावर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनीति की दिशा बदल दी। जो खुद को बहुसंख्यक कहने में शर्म महसूस करते थे, वह आज मान सरोवर की यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल चोर पहरेदार बन रहे हैं। जिनका पूरा खानदान जमानत पर चल रहा है, वह ईमानदारी का चोगा पहनने चले हैं।हमें थके हुए नहीं, जागे हुए युवा चाहिए : कटारिया

युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभाल रहे भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी अशोक कटारिया ने मोर्चा कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। उन्होंने कहा कि बहुत से कार्यकर्ता उठकर चले गए। कुछ ऐसे थे, जो प्रदेशाध्यक्ष डॉ. पांडेय के आने पर सम्मान में खड़े भी नहीं हुए। हमें ऐसे थके हुए नहीं, बल्कि जागे हुए युवा चाहिए। उन्होंने सीख दी कि प्राथमिकताएं तय कर कार्य करें तो सफलता मिलेगी। आप लोग इस तरह कार्य करें कि भाजपा में पद पाने के लिए सिफारिश की जरूरत न पड़े।

भाजपा को बनाएंगे अपराजेय पार्टी : यदुवंश

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने मोर्चा द्वारा अब तक चलाए गए अभियानों की जानकारी रखी। साथ ही कहा कि हम भाजपा को सिर्फ यह लोकसभा चुनाव जीतने वाली नहीं, बल्कि ङ्क्षहदुस्तान की अपराजेय पार्टी बनाएंगे। पांच साल पहले देश में आतंकवाद और अराजकता का बोलबाला था। तब राजनीतिक क्षितिज पर नरेंद्र मोदी नामक सूर्य का उदय हुआ। भाजपा ने अपनी संगठन क्षमता की बदौलत जीत हासिल की।

एक लाख 60 हजार बूथों पर सक्षम भाजपा की टीम खड़ी हो गई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बड़ा सपना देखने का मौका सिर्फ भाजपा देती है। कांग्रेस, सपा या बसपा में कोई सोच भी नहीं सकता। वहां सिर्फ परिवारवाद हावी है। वहीं, राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश उपाध्यक्ष शिववीर सिंह भदौरिया ने प्रस्तुत किया।

अटल को श्रद्धांजलि, शाह को बधाई

प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को प्रोजेक्टर पर क्लिपिंग चलाकर जन्मदिन की बधाई दी गई। वहीं, समापन सत्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा हमारे आदर्श व प्रेरणा के संबोधन के साथ दिवंगत और वर्तमान के वरिष्ठ नेताओं के कटआउट कार्यक्रम स्थल पर लगे थे। साथ ही मोर्चा द्वारा अब तक किए गए प्रमुख कार्यक्रमों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.