चारपाई पर लेटी गर्भवती को कंधे पर उठाकर चले पुलिस कर्मी, सभी ने की प्रशंसा Etawah News
इटावा के भरेह थाने की पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया।
इटावा, जेएनएन। पुलिस ने एक बार फिर मानवीयता का परिचय दिया है। किसान को बाढ़ से बाहर निकाला तो दूसरी ओर महिला को चारपाई पर लिटाकर बाहर निकालकर लाए और अस्पताल भिजवाया। क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय पुलिस की मदद की सराहना की।
भरेह थाना क्षेत्र का गांव हरौली करीब चार किमी दूर तक चंबल में आई बाढ़ के पानी से घिरा है। रविवार रात्रि के समय उक्त गांव की एक महिला प्रसव पीड़ा से तड़पने लगी। इसी दौरान गांव के ग्रामीण महिला को पानी में चारपाई से कुछ दूरी तक लेकर आये और जैसे ही उक्त मामले की सूचना एसआई रविंद्र सिंह को मिली, तो वह पुलिस आरक्षी सुमित कुमार, अनुज कुमार व सचान सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को पानी से निकालकर एंबुलेंस के पास तक ले गए।
एंबुलेंस से महिला को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह गढाकास्दा निवासी किसान शिव कुमार सिंह की थानाध्यक्ष भरेह सतीश चंद्र राठौर को मचान पर बैठे किसान की बाढ़ के पानी से घिरे होने की सूचना दी गई। उक्त सूचना पर थानाध्यक्ष नौका लेकर मौके पर पहुंचे और बाढ़ के पानी में घिरे किसान को नौका के जरिए बाहर निकाल कर लाए। बाढ़ के दौरान स्थानीय पुलिस द्वारा लोगों की जो मदद की जा रही है उसके लिए स्थानीय लोग पुलिस की प्रशंसा करते नहीं थक रहे।