पोस्टर जलाने पहुंचे सपाइयों से भिड़ी पुलिस, कांग्रेसियों ने बाइक को दी जल समाधि
पेट्रोल व डीजल की बढ़ रही कीमतों के विरोध में कई जगह अलग-अलग तरह से हुआ प्रदर्शन।
कानपुर, जेएनएन। पेट्रोल-डीजल की बढ़ रही कीमतों का विरोध शहर भर में शनिवार को भी जारी रहा। सपा, प्रसपा, कांग्रेस और व्यापारिक संगठन ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
सपा नेता अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता माल रोड पर पेट्रोलियम मंत्री का पोस्टर जलाने पहुंचे। इस पर पुलिस ने उनसे पोस्टर छीन लिया और उन्हें हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया। हलांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया। वहीं, बर्रा रामगोपाल चौराहा में सपा कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी में मोटर साइकिल लादकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। सचिव संतोष यादव ने बताया कि पेट्रोल व डीजल के दाम जल्द ही घटे तो कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
दबौली वेस्ट से निकली नहर में कांग्रेसियों ने मोटर साइकिल को जल समाधि देकर विरोध जताया। कांग्रेसी नेता विकास अवस्थी, पार्षद जेपी पाल आदि मौजूद रहे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के महानगर अध्यक्ष आशीष चौबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने हालसी रोड पर वाहनों की दुकान लगाकर अपना विरोध जताया। कहा कि यदि यह फैसला वापस न लिया गया तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान संरक्षक प्रमोद जैसवाल, अध्यक्ष सुबोध चोपड़ा आदि शामिल थे।
कानपुर ग्रामीण युवा उद्योग व्यापार मंडल का हुआ विस्तार
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रभारी दीप अवस्थी की संस्तुति पर जिला अध्यक्ष राहुल शुक्ला ने कानपुर ग्रामीण युवा उद्योग व्यापार मंडल के विस्तार किया। जिसमें मनीष दुबे को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कंचन ठाकुर को उपाध्यक्ष और सुनील सक्सेना को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। इस दौरान राजेश चंदेल, अनिरुद्ध तिवारी, अनुज राजावत, आनंद शुक्ला, निर्भय रेजा आदि मौजूद रहे।