पुलिस ने आतंकी बता एक युवक व दो किशोरों को उठाया, किराये पर रहने आए थे शातिर Kanpur News
कल्याणपुर कलां के एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने तीनों को पकड़ा है।
कानपुर, जेएनएन। कल्याणपुर कलां में गायत्री मंदिर वाली गली स्थित एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने झारखंड के संदिग्ध युवक व दो किशोरों को आतंकी बताकर हिरासत में ले लिया। सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच व झारखंड पुलिस टीम बताया तो सनसनी फैल गई। मामला मीडिया की सुर्खियां बना तब कल्याणपुर पुलिस ने सच उजागर किया।
कल्याणपुर कलां निवासी सतीश बाजपेई उर्फ बउवा मेस्टन रोड पर बैग की दुकान में काम करते हैं। पत्नी रंजना के मुताबिक 18 दिन पूर्व झारखंड साहबगंज जिले के 26 वर्षीय सियाराम व 22 वर्षीय अजीत उर्फ टिंकू ने खुद को कपड़ा व्यापारी बता 2000 रुपये प्रतिमाह किराये पर कमरा लिया था। उन्होंने कहा था कि कोलकाता से कपड़े लाकर घंटाघर पर बेचते हैं। आठ दिन पूर्व 10 व 12 वर्ष के दो किशोर भी उनके साथ रहने लगे। शुक्रवार रात 12 बजे लाल कार से छह-सात लोग घर आए। दो पुलिस की वर्दी में थे। उस वक्त ग्र्राउंड फ्लोर पर किरायेदार गार्ड आनंद को छोड़कर बाकी सभी छत पर सो रहे थे।
आते ही टीम ने आनंद को जगाया और सियाराम, टिंकू व दोनों नाबालिगों के बारे में पूछा और उनके कमरे का ताला तोडऩे लगी। सूचना पर रंजना भी परिवारीजन संग पहुंचीं। तब पुलिसवालों ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच व झारखंड पुलिस से बताया। टीम के चार सदस्य सियाराम, टिंकू व दोनों किशोरों को पकडऩे छत पर गए। तब तक सियाराम छज्जे से कूदकर भाग गया। अजीत उर्फ टिंकू व दो किशोरों को पुलिस ने पकड़ लिया।
उनके कमरे से आधा दर्जन मोबाइल फोन, कुछ दस्तावेज व अन्य सामान कब्जे में ले लिए। चार अन्य युवकों की तलाश में टीम ने मिर्जापुर में भी छापा मारा लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई। सुबह आतंकी पकड़े जाने की सूचना पर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। दोपहर बाद पुलिस ने बताया कि वह मोबाइल चोरों को पकडऩे गई थी।
-कल्याणपुर सब्जी मंडी व आसपास क्षेत्र में मोबाइल चोरी की कई घटनाएं हुई हैं। कल्याणपुर कलां से पुलिस ने तीन शातिर चोरों को पकड़ा है, जो झारखंड के हैं। आतंकी पकड़े जाने की सूचना फर्जी है। किसने अफवाह फैलाई, इसकी जांच की जा रही है। -अजय कुमार, सीओ कल्याणपुर