पीईटी अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का तोहफा, तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का ऐलान; चेक करें टाइम टेबल
उत्तर मध्य रेलवे ने पीईटी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ...और पढ़ें

HighLights
रेलवे ने पीईटी अभ्यर्थियों के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाईं।
कानपुर, प्रयागराज, मथुरा, झांसी, मैनपुरी के लिए विशेष सेवा।
29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगी ये परीक्षा स्पेशल ट्रेनें।
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
प्रयागराज रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीईटी 30 अक्टूबर व एक नवंबर को दो पालियों में होगी। कानपुर सेंट्रल से मथुरा जंक्शन के बीच 12 कोच की अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन (01823) 29 अक्टूबर व 31 अक्टूबर को रात आठ बजे कानपुर सेंट्रल से निकलेगी। अगले दिन सुबह 3:10 बजे यह ट्रेन मथुरा पहुंचेगी।
इसी तरह प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन के लिए 12 कोच की अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन (01821) भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 29 व 31 अक्टूबर को रात 7:45 बजे प्रयागराज से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे झांसी पहुंचेगी।
आज प्रयागराज से मैनपुरी के लिए परीक्षा स्पेशल
उत्तर मध्य रेलवे ने पीईटी को लेकर प्रयागराज से मैनपुरी के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 01825/26 प्रयागराज-मैनपुरी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन प्रयागराज से 29 व 31 अक्टूबर से चलाई जाएगी। इसी तरह मैनपुरी से ये ट्रेन 30 अक्टूबर व एक नवंबर को चलेगी। प्रयागराज से निकलकर ये ट्रेन सिराथू, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, रूरा, फफूंद, इटावा होते हुए मैनपुरी जाएगी।
बलिया से कानपुर परीक्षा स्पेशल कल
रेलवे ने बलिया से भी एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। बलिया से ये ट्रेन कानपुर सेंट्रल तक चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 05153/05154 बलिया-कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 अक्टूबर व एक नवंबर को होगा। ये ट्रेन रात 7.30 बजे बलिया से निकलकर दूसरे दिन सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन छह बजे पहुंचेगी।
