NHAI ने शुरू कराया फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटों के पोल पर टेप लगवाने का काम
एसपी ट्रैफिक ने शहर की सड़कों और फ्लाईओवर व ब्लैक स्पॉट के आसपास संकेतक लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखा था। जिसके बाद जिम्मेदारों की नींद टूटी। स्ट्रीट लाइट के पोल पर तीन रंग के टेप लगाने का काम शुरू हुआ है।
कानपुर, जेएनएन। भौंती-रूमा फ्लाईओवर पर कहीं कोई संकेतक नहीं लगाए गए थे। जिससे कोहरे में मौसम में दुर्घटनाएं होने की आशंका थी। दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से फ्लाईओवर के स्ट्रीट लाइटों के पोल पर रेडियम वाले रेट्रो टेप लगाने का काम चल रहा है। जल्द ही पूरे फ्लाईओवर के स्ट्रीट लाइटों के पोल पर टेप लगाए जाएंगे। कोहरे में हादसों की रोकथाम के लिए शहर से होकर गुजरने वाले 27 किलोमीटर के भौंती-रूमा फ्लाईओवर पर कहीं कोई संकेतक आदि नहीं लगे थे। जिससे यहां हादसे होने की आशंका अधिक थी। जबकि फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर प्रमुख चौराहों, अंडरपास समेत अन्य स्थानों पर जगह-जगह स्पीडब्रेकर, स्पीड लिमिट समेत अन्य संकेतक लगे थे। फ्लाईओवर पर कोहरे में हादसों की रोकथाम को लेकर बदइंतजामी का मुद्दा दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था। समाचार प्रकाशन के बाद एसपी ट्रैफिक ने शहर की सड़कों और फ्लाईओवर व ब्लैक स्पॉट के आसपास संकेतक लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखा था। जिसके बाद जिम्मेदारों की नींद टूटी। फिलहाल 27 किलोमीटर के फ्लाईओवर पर भौंती की ओर से स्ट्रीट लाइट के पोल पर तीन रंग के टेप लगाने का काम शुरू हुआ है। जिसमें लाल, सफेद व पीले रंग के गोलाकार स्टीकर लगाए जा रहे हैं। भौंती से फर्टिलाइजर के पास तक एक लेन में टेप लगाए गए हैं। आगे भी रेट्रो टेप लगाने का काम जारी है। पुल के कर्व पर लगाए रिफ्लेक्टर स्ट्रीट लाइट के पोल के साथ ही फ्लाईओवर पर कर्व वाले स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से सड़क पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। आगे भी लगाने का काम जारी है।
इनका ये है कहना
फ्लाईओवर पर रेडियम वाला टेप और कर्व वाले स्थानों पर सड़क पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम किया जा रहा। जिससे कोहरे में वाहन चालकों को मदद मिलेगी। - पंकज मिश्र, परियोजना निदेशक, एनएचएआई