विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर हमीरपुर हाईवे पर घाटमपुर ओवरब्रिज में दरार, NHAI ने यातायात पूरी तरह किया बंद, रूट डायवर्जन लागू

Published: Sun, 21 Jun 2026 05:09 PM (GMT+05:30)

कानपुर-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाटमपुर ओवरब्रिज में दरार आने के बाद सभी वाहनों के लिए पुल बंद कर दिया गया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंची

  2. अधिकारियों ने कहा-डंपर के भारी जैक के दबाव से दरार की संभावना

जागरण संवाददाता, कानपुर। घाटमपुर में कानपुर-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज में दरार आने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

वहीं, लखनऊ से निर्माण कंपनी पीएनसी की मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट को बुलाकर पुल की तकनीकी जांच कराई गई। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक पंकज यादव भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ पुल की स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में टीम ने आशंका जताई है कि पुल पर खड़े एक डंपर में खराबी आने के बाद उसे ठीक करने के लिए लगाए गए भारी जैक के दबाव के कारण संरचना में दरार उत्पन्न हुई हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

एनएचएआइ अधिकारियों के अनुसार पुल की स्थिति का वैज्ञानिक मूल्यांकन कराने के लिए अब एक बार फिर से आईआईटी कानपुर की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाएगी। संस्थान के विशेषज्ञ पुल की भार वहन क्षमता, संरचनात्मक मजबूती और दरार के प्रभाव का अध्ययन करेंगे। उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। फिलहाल एहतियात के तौर पर पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। यातायात को पुल की साइड लेन से संचालित किया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एनएचएआइ परियोजना निदेशक पंकज यादव का कहना है कि मरम्मत और तकनीकी परीक्षण के बाद यदि पुल सुरक्षित पाया जाता है तो सबसे पहले छोटे वाहनों के लिए यातायात शुरू किया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की सलाह और परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर भारी वाहनों के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से इस ओवरब्रिज का निर्माण वर्ष 2022 में पूरा हुआ था। निर्माण कार्य पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी ने किया था। अनुबंध की शर्तों के अनुसार वर्ष 2027 तक पुल के रखरखाव और मेंटीनेंस की जिम्मेदारी भी कंपनी के पास ही है। ऐसे में मरम्मत और तकनीकी खामियों को दूर करने का दायित्व भी कंपनी ही निभाएगी।

घाटमपुर ओवरब्रिज के मरम्मत कार्य के लिए 10 दिन बदला रहेगा मार्ग परिवर्तन

कानपुर-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाटमपुर में बने ओवरब्रिज में दरार आने पर उसके मरम्मत कार्य के लिए यातायात विभाग ने 21 जून से 30 जून तक मार्ग परिवर्तन किया है। इस दौरान किसी तरह की भी असुविधा होने पर यातायात विभाग ने कंट्रोल रूम- 9305104340 और ग्रीन कारिडोर रोल (हेल्पलाइन नंबर) 9454402413 जारी किया है।

ये रहेगा मार्ग परिवर्तन

  • हमीरपुर से नौबस्ता की तरफ आने वाले सभी वाहन घाटमपुर ओवरब्रिज के ऊपर से न जाकर सर्विस लेन का उपयोग करते हुए जाएंगे।
  • नौबस्ता से हमीरपुर की तरफ जाने वाले सभी वाहन घाटमपुर ओवरब्रिज की सर्विस लेन का उपयोग करते हुए गंतव्य को जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें- कानपुर देहात में भोले बाबा मिल्क फैक्ट्री पर छापा, 9.50 करोड़ का 1311 क्विंटल मिलावटी घी सीज, मंचा हड़कंप