Navratri 2022: मां के दरबार में दिखा आस्था का संगम, भक्तों ने शृंगार पूजन कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीष
नवरात्रि पर कानपुर शहर में देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। भक्त मंदिर पहुंचकर श्रीफल और चुनरी अर्पित करके परिवार कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। बारा देवी तपेश्वरी देवी काली मठिया आशा देवी और जंगली देवी मंदिर में भीड़ उमड़ रही है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन बुधवार को सुबह से ही देवी मंदिरों में मां चंद्रघंआ के स्वरूप के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। घरों में पाठ-पूजन के साथ भक्तों ने देवी मंदिरों में जाकर विधिवत पूजन किया। बारा देवी, जंगली देवी, तपेश्वरी देवी, काली मठिया, आशा देवी और वैष्णो माता मंदिर में भोर पहर से आस्था का संगम देखने को मिला। भक्तों ने मां को श्रीफल और चुनरी अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार कल्याण की प्रार्थना की।
जंगली देवी मंदिर में भोर पहर मां का शृंगार पूजन किया गया। वहीं, बारादेवी मंदिर में सुबह चार बजे पट खुलने के बाद से भक्तों की कतार मां के दर्शन को लगी रही। मां की भक्ति में लीन भक्तों की आस्था का कुछ ऐसा ही दृश्य कल्याणपुर स्थित आशा माता मंदिर और शास्त्री नगर स्थित काली मठिया मंदिर में देखने को मिला। जहां पर भोर से मध्य रात्रि तक भक्त मां के दर्शन को पहुंचते रहे। तपेश्वरी देवी मंदिर में भी मां के दर्शन को भक्तों का तांता लगा रहा।
शहर के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं और महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है। तपेश्वरी देवी मंदिर और बारा देवी मंदिर में पुलिस कर्मियों की चौबीस घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस कर्मी क्रमवार ड्यूटी दे रहे हैं और भक्तों को कतार में दर्शन करवाकर व्यवस्था को कायम रखे हैं।
शहर में कई जगह पर भक्तों ने दुर्गा पूजा पंडाल भी सजाए गए हैं और सुबह-शाम आरती और पूजन का सिलसिला जारी है। कुछ पंडालों में देवी कीर्तन व जगराता का भी आयोजन किया जा रहा है।