राष्ट्रीय कराटे में कानपुर के खिलाड़ियों ने मारी बाजी, 13 स्वर्ण सहित कुल 28 पदक जीत बढ़ाया मान
हरियाणा में हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शहर के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। शहर के 22 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण चार रजत व 11 कांस्य पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कराटे खेल में कई बार राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर चुके खिलाड़ियों ने हरियाणा में संपन्न हुई राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन कर 28 पदकों पर कब्जा किया। शहर के 22 खिलाड़ियों ने हरियाणा राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में प्रतियोगिता में कई प्रदेशों के खिलाड़ियों को मात देकर राष्ट्रीय फलक पर पहचान हासिल की।
कोच राज प्रताप सिंह ने बताया कि हरियाणा में हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में काता, कुमिते व टीम काता वर्ग में खिलाड़ियों ने कई सब जूनियर, जूनियर, सीनियर व कैडेट वर्ग में पदक हासिल किए। उन्होंने बताया कि शहर के खिलाड़ियों ने हरियाणा, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमांचल प्रदेश, कर्नाटक, आंध प्रदेश सहित दस राज्यों के खिलाड़ियों को पराजित कर शहर का नाम रोशन किया। पदक जीतने वाले खिलाड़ी जरौली स्थित एक एकेडमी के हैं। जिसकी डायरेक्टर व फिटनेस ट्रेनर आकांक्षा प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इतने बड़े स्तर पर पदक जीतकर खिलाड़ियों ने शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फलक पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को एकेडमी की ओर से होने वाले सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों की मदद भी की जाएगी। जिससे वे खेल के साथ पढ़ाई में भी बेहतर कर सके। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा के खेल में बेटियाें के शानदार प्रदर्शन पर खुशी हो रही है।
प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
एंजल सिंह, सुमित शर्मा, सरिता कुमारी, ओम वर्मा, यशी वर्मा, अक्षत सचान, यशी सचान, इंद्रजीत, सिद्धार्थ कटियार, समृद्धि, महक, यशवर्धन, प्रियांशी राजपूत, चाहत, रमाकांत प्रजापति, अनन्या पाल ने पदकों पर कब्जा किया।