एक गोली चलते ही बंद हो गए बैंड-बाजे और भाग गया दूल्हा, मेहंदी सजाए बैठी रह गई दुल्हन
इटावा में बरात के द्वारचार से पहले आपसी विवाद में एक ने दूसरे बराती की गोली मारकर हत्या कर दी।
औरैया, जेएनएन। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम तहराजपुर में आई बरात के द्वारचार से पहले अचानक एक गोली चली और बैंड बाजे बंद हो गए। शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई और दूल्हा समेत सभी परिजन व बराती भाग निकले। मंडप में दुल्हन मेहंदी सजाए बैठी दूल्हे का इंतजार करती रह गई। घटना की जानकारी होते ही एसपी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और पड़ताल शुरू की है।
द्वारचार से पहले बराती की हत्या
क्षेत्र के ग्राम तहराजपुर में किसान की पुत्री की शादी मंगलवार को थी और इटावा से बरात आई थी। नाश्ता के बाद बरात गांव के रास्ते से होकर कन्या पक्ष के दरवाजे पहुंच रही थी। बैंड बाजों के बीच बराती नाच रहे थे और लड़की पक्ष द्वारचार की तैयारी कर रहा था। इस दौरान बरात में आए दोस्त मनोज व मुलायम सिंह ने शराब पी और फिर उनमें विवाद शुरू हो गया। आपस में झगड़ा इतना बढ़ा गया कि मनोज ने तमंचा निकालकर 41 वर्षीय मुलायम सिंह जाटव निवासी ग्राम बिचपुरी थाना वेदपुरा इटावा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बरातियों में मची अफरा तफरी
गोली चलने की आवाज और बराती की हत्या देखकर बारात में अफरा तफरी मच गई और बैंड बाजा बंद हो गया। बैंड वाले और लाइट वाले सामान समेट कर भागने लगे। देखते ही देखते दूल्हा व अन्य बराती भी अगवानी से पहले भाग निकले। कन्या पक्ष को जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे लेकिन इससे पहले बराती गायब हो गए। उधर, मंडप में दूल्हे का इंतजार कर रही दुल्हन मेहंदी सजाए बैठी रही। घर के बुजुर्ग दूल्हा पक्ष से फोन से बात करके बुलाने का प्रयास करते रहे।
एसपी ने घटना की पड़ताल
हत्या की सूचना पर एसपी सुनिती भी फोर्स के साथ गांव पहुंच गई और ग्रामीणों से जानकारी ली। रिश्तेदार रामसेवक ने थाने में मनोज कुमार पुत्र रामबाबू निवासी अशोक नगर थाना फ्रेंडस कालोनी इटावा व अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप