रूमा औद्योगिक क्षेत्र में विकास का कार्य करेगा अब नगर निगम, ये है नई व्यवस्था
विकास कार्य कराने के लिए नगर निगम ने यूपीसीडा से 35 करोड़ रुपये मांगे हैं। ओद्योगिक क्षेत्र ढाई सौ एकड़ में स्थापित है। यहां करीब 200 उद्योग इकाइयां हैं। यह औद्योगिक क्षेत्र अभी नगर निगम को हस्तांतरित नहीं है जबकि इसका हस्तांतरण वर्षों पहले हो जाना चाहिए था।
कानपुर, जेएनएन। रूमा औद्योगिक क्षेत्र का विकास नगर निगम करेगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा ) नगर निगम के बीच समझौता होगा। जब यह औद्योगिक क्षेत्र नगर निगम को हस्तांतरित हो जाएगा तो फिर वहां के उद्यमियों को दोहरे कर प्रणाली से निजात मिल जाएगी। साथ ही वहां विकास कार्य भी आसानी से होने लगेगा।
विकास कार्य कराने के लिए नगर निगम ने यूपीसीडा से 35 करोड़ रुपये मांगे हैं। ओद्योगिक क्षेत्र ढाई सौ एकड़ में स्थापित है। यहां करीब 200 उद्योग इकाइयां हैं। यह औद्योगिक क्षेत्र अभी नगर निगम को हस्तांतरित नहीं है जबकि इसका हस्तांतरण वर्षों पहले हो जाना चाहिए था। हस्तांतरण ना होने की वजह से वहां नगर निगम विकास नहीं कर पा रहा है जबकि प्रत्येक उद्यमी से हाउस टैक्स नगर निगम लेता है। यूपीसीडा भी उद्यमियों से मरम्मत शुल्क वसूलता हैं। स्थिति यह है कि उद्यमियों को हर साल दोहरा कर देना पड़ता है ।
इसीलिए उद्यमी हर बार उद्योग बंधु की बैठक में इस समस्या को उठाते रहे हैं। मण्डलायुक्त की पहल के बाद यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर महेश्वरी ने नगर आयुक्त से बात की। दोनों पक्षों में सहमति बनी है कि अब इसे हस्तांतरित कर समस्या का समाधान किया जाए। हालांकि यूपीसीडा प्रबंधन और नगर निगम को 35 करोड़ नहीं देना चाहता है। वहां पर सड़कों का निर्माण मरम्मत कार्य, नालियों की मरम्मत का कार्य यूपीसीडा ने खुद कराया है। यही वजह है कि यूपीसीडा अब कम धनराशि देना चाह रही है।