यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुलायम सिंह के कोरोना टीका लगते ही सैफई की जनता ने दी प्रतिक्रिया, वैक्सीनेशन के लिए कहा- 'हां'
Mulayam Singh Yadav Corona Vaccination सोमवार को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के वैक्सीनेशन कराने के बाद सत्ता दल ने ...और पढ़ें

इटावा, जेएनएन। Mulayam Singh Yadav Corona Vaccination देश में कोरोना वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद सपा अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि 'मैं कोरोना का टीका नहीं लगवाऊंगा। ये टीका तो भाजपा वालों का है। मैं इस पर कैसे विश्वास कर सकता हूं। जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी को फ्री में टीका लगेगा।' हालांकि, कोरोना की दूसरी लहर के दौरान उन्हें अपने शब्द वापस लेने पड़े थे। इसके बाद मचे सियासी घमासान ने प्रदेश की राजनीति को अलग हवा दे दी थी। सोमवार को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के वैक्सीनेशन कराने के बाद सत्ता दल ने उनका धन्यवाद किया। वैक्सीनेशन को लेकर चल रही अफवाहों को मुलायम सिंह ने कोरोनारोधी टीका लेकर दूर किया।
सैफई की जनता ने भी भरी हामी: सपा संस्थापक और पूर्व केंद्रीय रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव के द्वारा पहली डोज लगवाने के बाद सैफई में भी लोग टीकाकरण कराने के लिए तैयार हैं। ग्राम पंचायत के प्रधान रामफल वाल्मीकि ने कहा कि उनके नेता ने टीका लगवा लिया है तो वे लोग भी जल्द ही लगवा लेंगे। उन्होंने अखिलेश के वैक्सीन को लेकर दिए गए बयान पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की। उधर, जिला प्रशासन अगले सप्ताह गांव में वैक्सीनेशन कैंप लगाने की तैयारी कर रहा है।
मुलायम के गांव में लोगों ने दी प्रतिक्रिया:
- सैफई प्रधान रामफल ने बताया कि वे गांव के लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। गांव के ही राकेश यादव ने कहा कि वे भी अब जल्द ही वैक्सीन लगवा लेंगे। वे अपने नेता के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे थे।
- संतोष यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने टीका लगवा लिया है तो अब गांव के साथ पूरे जिले में टीका लगवाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।
- सपा के ब्लाक अध्यक्ष संतोष शाक्य ने कहा कि वे भी अब जल्द टीका लगवा लेंगे।
सबसे कम टीके लगवाने वाले गांवों में से एक है सैफई: उल्लेखनीय है कि सैफई गांव में करीब एक हजार लोगों को टीका लगना है, लेकिन अभी तक सिर्फ 50 लोगों ने ही टीका लगवाया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. सुनील कुमार यादव ने बताया कि सैफई ग्राम पंचायत में काफी कम टीके लगे थे। अब जिला प्रशासन के निर्देश पर वहां विशेष शिविर में लोगों को टीका लगाया जाएगा।
