सांसदजी! 38 साल से हम लड़ रहे मुआवजे की लड़ाई
सांसदजी आज से 38 साल पहले आवास विकास ने हम किसानों की जमीन अधिगृहीत की। जिसका मुआवजा आज तक नहीं मिल पाया।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर : 'सांसदजी, आज से 38 साल पहले आवास विकास ने हम किसानों की जमीन अधिगृहीत की। जिसका मुआवजा आज तक नहीं मिल पाया। इसलिए किसानों को इंसाफ दिलाएं।' गांधी संकल्प यात्रा लेकर चल रहे सांसद देवेंद्र सिंह भोले जब नई शिवली पहुंचे तो वहां किसान मोर्चे के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ल ने उनके सामने यह मुद्दा रखा। किसानों के साथ पहुंचे संतोष कुमार ने कहा कि सांसद इस मामले में पहल करें तो समाधान हो सकता है। सांसद ने उनसे कहा कि वे पूरा प्रकरण लिखकर दें। जरूरत पड़ने पर इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी वार्ता करेंगे और समाधान कराएंगे।
इससे पहले सुबह सांसद ने पनकी मंदिर में पूजन के बाद गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत की। उनके साथ बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ता नारेबाजी करते चल रहे थे। कल्याणपुर रोड से होते हुए यात्रा नई शिवली रोड पहुंची। यहां सांसद ने कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। खुद झाड़ू लगाई और कचरा भी एकत्र किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की गुजारिश करते हुए इसके नुकसान बताए। यहां से सांसद बारा सिरोही, पुराना शिवली रोड, कल्याणपुर क्रासिंग, बिठूर तिराहा होते हुए बैरी अकबरपुर पहुंचे। जहा यात्रा का समापन हुआ। जिसके बाद इंदिरा नगर के एक गेस्ट हाउस में सासद ने कार्यकर्ताओं के साथ रात्रि प्रवास किया। सांसद के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह दद्दा ने बताया कि यात्रा शनिवार को इंदिरा नगर से बिठूर के लिए प्रस्थान करेगी। इस मौके पर विधायक प्रतिभा शुक्ला, पार्षद निर्मल मिश्रा, अंजू मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, पूर्व पार्षद कौशल कुमार मिश्रा, दीप अवस्थी, ललित मिश्रा रहे।