प्रमुख सचिव को ट्रीटमेंट प्लांट में बंद मिली मोटर, पैनल भी था खराब Kanpur News
मनोज सिंह ने अफसरों के साथ पांच एमएलडी प्लांट का किया निरीक्षण जताई नाराजगी।
कानपुर, जेएनएन। जाजमऊ स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की पोल शुक्रवार को एक बार फिर उच्चाधिकारियों के सामने खुल गई। प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज सिंह को निरीक्षण के दौरान 5 एमएलडी प्लांट में मोटर व पैनल खराब मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। टेनरी वेस्टेज के लिए बनने वाले 20 एमएलडी प्लांट का उन्होंने नक्शा देखने के साथ ही जमीन का निरीक्षण किया।
प्रमुख सचिव मनोज सिंह सुबह नगर आयुक्त सन्तोष शर्मा, जल निगम व नगर निगम अधिकारियों के साथ प्लांट में पहुंचे। 5 एमएलडी प्लांट में पूछा कि कितनी मोटर हैं तो बताया गया कि दो मोटर। उन्होंने जब मोटर देखी तो बंद पड़ी थीं। इसके साथ ही पैनल भी खराब था। नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि ये आप लोग की व्यवस्था है, ऐसे प्लांट चलेगा। इसके बाद उन्होंने जहा 20 एमएलडी प्लांट बनना है उस जगह का निरीक्षण किया। कहां पर क्या बनेगा उसका नक्शा भी देखा। स्लज बेड कार्यालय की जगह के पास करने को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई। इसके बाद उन्होंने 32 एमएलडी प्लांट का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा निर्देश देकर चले गए।