लैंबार्गिनी कार हादसे के बाद कानपुर में मिनी कूपर की रफ्तार का कहर, 120 की स्पीड से बाइक को मारी टक्कर
कानपुर में मेडिकल कॉलेज पुल पर सोमवार देर रात एक मिनी कूपर कार ने 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बाइक ...और पढ़ें

मेडिकल कालेज पुर पर खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मारने वाली क्षतिग्रस्त कार व पुल पर पड़ी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल। जागरण
HighLights
मेडिकल कालेज पुल पर सोमवार रात 12.45 पर हुआ हादसा
मिनी कूपर कार से हुए हादसे में नंबर के आधार पर मुकदमा
कार मालिक ने बताया- लखनऊ निवासी दोस्त उनसे मांगकर ले गया था कार
जागरण संवाददाता, कानपुर। लैंबार्गिनी कार हादसे की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि मिनी कूपर कार का कहर देखने को मिला। सोमवार देर रात पौने एक बजे फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। मेडिकल कालेज पुल पर करीब 120 किमी प्रति घंटे की गति से मिनी कूपर कार दौड़ा रहे युवक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान आरोपित कार छोड़कर भाग निकला। राहगीरों ने उसके एक साथी को पकड़ा है। पुलिस ने घायल को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया है।
मसवानपुर निवासी राजू शुक्ला ने बताया कि सोमवार देर रात वह मोतीझील होते हुए करीब 12:45 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह मेडिकल कालेज पुल पर ही थे कि भी पीछे से 120 की रफ्तार से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह पुल की रेलिंग से जा भिड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक एक हाथ और पैर टूट गया, जबकि कार भी अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दौरान कार चला रहा आरोपित भाग निकला जबकि उसके साथी को राहगीरों ने पकड़ लिया। काकादेव थाना प्रभारी ने बताया कि कार सवार युवक के साथी ने बताया कि कार डा. स्पर्श की है। घायल राजू शुक्ला को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
पनकी बी ब्लाक निवासी मेडिकल छात्र के नाम है कार, एक आरोपित हिरासत में
स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर एक आरोपित को हिरासत में लिया है। कार मालिक मेडिकल छात्र स्पर्श ने बताया कि कार उनका लखनऊ निवासी दोस्त मांगकर ले गया था, उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। मसवानपुर निवासी राजू शुक्ला सोमवार देर रात पौने एक बजे मोतीझील होते हुए बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से करीब तेज रफ्तार सफेद रंग की मिनी कूपर कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे राजू पुल की रेलिंग से जा भिड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की अनुमानित गति करीब 120 किमी प्रति घंटा थी। जानकारी पर काकादेव थाना पुलिस और राजू शुक्ला की भाभी शिवांगी पहुंचीं। पुलिस ने कार और बाइक को हटवाकर राजू को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में स्वजन राजू को आवास विकास तीन स्थित निजी अस्पताल ले गए। शिवांगी ने कार नंबर के आधार पर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
घायल के स्वजन की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर लापरवाही से वाहन चलाकर जीवन संकट में डालने, सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है।
- अर्चना सिंह, एडीसीपी सेंट्रल
मेडिकल छात्र के नाम पर पंजीकृत है मिनी कूपर
आरटीओ में पंजीकृत आंकड़ों के आधार पर 65 लाख रुपये कीमत की मिनी कूपर कार पनकी के बी ब्लाक निवासी स्पर्श सिंह के नाम पंजीकृत है। स्पर्श ने बताया कि वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कार उन्होंने लखनऊ निवासी दोस्त सुमित नारायण को दी थी। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि कार में और कौन-कौन था और कहां गए थे।
मेरे देवर का इलाज करवा दीजिए
मसवानपुर निवासी शिवांगी शुक्ला ने बताया कि उनके देवर राजू देर रात काम से घर लौट रहे थे। वह किसी तरह कर्ज लेकर उनका इलाज करवा रहे हैं। उनका कहना है कि तेजी से कार चलाकर उनके देवर को घायल करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और उनके देवर का अच्छा इलाज कराया जाए।
कार पर चार हजार के चार चालान
स्पर्श सिंह की जिस मिनी कूपर कार से हादसा हुआ है उस पर चार चालान हैं। इनमें एक चालान 30 जुलाई 2020 को सुलतानपुर में हाईवे पर तेज रफ्तार से कार चलाने का है। वहीं एक हजार और पांच सौ के दो चालान यातायात नियमों के उल्लंघन के हैं, जिनका अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
