Meta के अलर्ट पर कानपुर पुलिस ने सिर्फ 12 मिनट में बचाई जान, डाई पीकर सुसाइड करने वाला था युवक
मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर कानपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 मिनट में एक युवक की जान ...और पढ़ें

पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया और बाद में काउंसलिंग भी की गई।
HighLights
मेटा अलर्ट पर पुलिस ने 12 मिनट में युवक को बचाया।
प्रेमिका से तनाव में युवक ने डाई पीकर आत्महत्या का प्रयास किया।
यूपी पुलिस-मेटा सहयोग से अब तक 4186 जानें बचीं।
संवाद सहयोगी, बिल्हौर। ककवन क्षेत्र में मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 मिनट में युवक के घर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। 21 वर्षीय युवक ने प्रेमिका के बातचीत बंद करने से मानसिक तनाव में आकर डाई पीने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया था। गंभीर हालत में मिले युवक को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात 10:23 बजे मेटा कंपनी की ओर से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को युवक की आत्महत्या संबंधी पोस्ट का अलर्ट ई-मेल से मिला। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर सोशल मीडिया सेंटर की टीम ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस को सूचना दी।
मुख्यालय से मिली जानकारी पर ककवन थाने में तैनात उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, अमित सहाय और आरक्षी अनिल गुप्ता तत्काल युवक के घर पहुंचे। कमरे में युवक पलंग पर बेसुध पड़ा था। पास में डाई का खाली रैपर और गिलास मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया।
प्रेमिका के बात बंद करने से तनाव में था युवक
स्वास्थ्य में सुधार होने पर युवक ने पुलिस को बताया कि वह पशु फार्म में मजदूरी करता है और एक लड़की से प्रेम करता था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की ने अचानक बातचीत बंद कर दी। इससे वह भावनात्मक तनाव में आ गया और आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर भविष्य में ऐसा कदम न उठाने के लिए समझाया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।
अलर्ट से अब तक 4186 लोगों की बची जान
पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से लागू व्यवस्था के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट होने पर पुलिस को ई-मेल और फोन से अलर्ट मिलता है। एक जनवरी 2023 से 31 अक्टूबर 2026 तक ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई कर प्रदेश पुलिस 4186 लोगों की जान बचा चुकी है। इस पहल के लिए यूपी पुलिस को SKOCH Award-2025 और The Economic Times GovTech Awards-2026 से सम्मानित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।