विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महाकुंभ में होगा 2 लाख Cr. का बिजनेस, यूपी के इस जिले को मिलेगा हजारों करोड़ का मुनाफा; समझें पूरा गणित

Published: Wed, 15 Jan 2025 01:47 PM (IST)

Mahakumbh 2025 महाकुंभ में 45 दिनों में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इससे कानपुर को 30 हजार ...और पढ़ें

महाकुंभ देगा शहर को 30 हजार करोड़ का कारोबार
महाकुंभ देगा शहर को 30 हजार करोड़ का कारोबार

HighLights

  1. दो लाख करोड़ के टर्नओवर में 15 प्रतिशत की भागीदारी अपने शहर की होने की आस
  2. गल्ला, कपड़ों, लाजिस्टिक का बड़ा केंद्र होने की वजह से यहां आएगा बड़ा हिस्सा
  3. शहर के अर्थतंत्र पर नजर आएगा इसका प्रभाव, आर्डर बढ़ने से रोजगार भी बढ़ेंगे

जागरण संवाददाता, कानपुर। महाकुंभ में आध्यात्मिक विचारों का आदान प्रदान होता है लेकिन आज अर्थ की दुनिया में महाकुंभ किसी ओलिंपिक से कम नहीं हैं जिनका जहां आयोजन होता है, वह और उसके आसपास के शहर दूसरे स्थानों से आर्थिक विकास की दौड़ में मीलों आगे निकल जाते हैं।

महाकुंभ शुरू हो गया है और पहले दिन 1.65 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। अगले 45 दिन में इनके 45 करोड़ होने की उम्मीद है। इस संख्या को देखते हुए कनफेडरेशन आफ इंडियन ट्रेडर्स ने महाकुंभ में दो लाख करोड़ रुपये का कारोबार की उम्मीद जताई है। अपना शहर प्रयागराज के लिए सबसे बड़ा सप्लाई का केंद्र है। इसलिए यहां के उद्यमी और कारोबारी मान रहे हैं कि इस कारोबार में शहर की भागीदारी 15 प्रतिशत तक हो सकती है। इस तरह महाकुंभ से कानपुर को 30 हजार करोड़ रुपये का कारोबार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

शहर के अर्थतंत्र में पड़ेगा असर

यह राशि पिछले वर्ष इनवेस्टर समिट में शहर से किए गए 59 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव का आधा है। यह इतनी बड़ी राशि है कि इससे शहर के अर्थतंत्र को पूरी तरह बदला जा सकता है।

अगले 45 दिन में प्रयागराज में जो श्रद्धालु पहुंचेंगे, उतनी संख्या दुनिया में भारत और चीन को छोड़कर किसी देश की नहीं है। इसलिए उनकी क्रय शक्ति भी तमाम दूसरे देशों से ज्यादा होगी। कानपुर के उद्यमियों और कारोबारियों ने महाकुंभ के बहुत से कार्यों के लिए अपने यहां से आर्डर सप्लाई किए हुए हैं।

टेंट कारोबारियों ने काफी ज्यादा टेंट लगाए हैं। मात्र 200 किलोमीटर की दूरी होने से यहां से बमुश्किल तीन घंटे के सफर में कोई भी चीज वहां पहुंचाई जा सकती है, इसलिए कानपुर को प्रयागराज में कोई भी माल सप्लाई करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कानपुर में कराई जा रही बुकिंग

इतना ही नहीं दक्षिण और पश्चिम के राज्यों से जो श्रद्धालु प्रयागराज आ रहे हैं, उनके लिए प्रयागराज से पहले कानपुर शहर है। प्रयागराज में होटल न बुक होने पर कानपुर में बुकिंग कराई जा रही है। इसका एक कारण यह भी है कि कानपुर सेंट्रल होने की वजह से यहां हर तरफ से ट्रेनें भी आती हैं और हाईवे से भी प्रयागराज जाने की राह है। इसलिए यहां के होटलों में बुकिंग काफी ज्यादा है। निजी बसों को भी पूरी तरह महाकुंभ से जोड़ दिया गया है।

प्रशासन ने एक हजार बसों को इस आयोजन से जोड़ा है क्योंकि दक्षिण या पश्चिम राज्यों से जो लोग कानपुर सेंट्रल स्टेशन भी पहुंच गए तो उन्हें भी महाकुंभ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रहेगी। इससे यहां के लाजिस्टिक सेक्टर को अगले 45 दिन काफी ज्यादा काम मिलने जा रहा है। इसके अलावा यहां किराए पर कारों को देने के लिए कई सौ ट्रैवलर हैं जिनके पास हर दूसरे-तीसरे दिन प्रयागराज की ही बुकिंग है।

इनके साथ ही कानपुर से पूजा सामग्री, खाद्य सामग्री, खाने वाले तेल, सब्जियां, मसाले, दूध, बिस्कुट, रस्क, नमकीन, चप्पल, बनियान, गर्म कपड़ों की काफी सप्लाई प्रयागराज हो रही है। पूजा के लिए फूल भी रोज काफी मात्रा में भेजे जा रहे हैं। महाकुंभ स्नान के बाद श्रद्धालु गंगाजल ले जाने के लिए जेरीकेन का उपयोग करते हैं। कानपुर में जेरीकेन की कई फैक्ट्री हैं जिनके आर्डर बढ़े हुए हैं। बहुत से लोगों के रिश्तेदार भी यहां आकर ठहर रहे हैं जिसकी वजह स्थानीय स्तर पर भी अगले डेढ़ माह में खाने-पीने की वस्तुओं की खपत बढ़ने की उम्मीद है।

आइआइए, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने बताया

उम्मीद है कि शहर के उद्यमियों को 30 हजार करोड़ रुपये तक का कारोबार मिलेगा। इससे शहर के अर्थतंत्र को अच्छा लाभ होगा। उद्यमी और कारोबारी अपने बिजनेस के लिए आगे की योजनाओं को ठीक से लागू कर सकेंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री, आइआइए, आलोक अग्रवाल ने बताया

जब वस्तुओं की मांग तेजी से होती है तो धन का प्रवाह बढ़ता है। ऐसे में आर्डर बढ़ते हैं। उद्यमियों को भी जल्दी उन्हें पूरा करना होता है, इससे रोजगार भी बढ़ते हैं। यह पूरे अर्थ चक्र को तेज कर देता है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष, किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन अलंकार ओमर ने कहा

किराना बाजार में रोज ही खाने पर किराना का बहुत सारा सामान लग रहा है। महाकुंभ के काफी पहले से ही वहां माल भेजना शुरू हो गया था। वहां के होटल, रेस्टोरेंट के अलावा भंडारे संचालित करने वालों ने माल मंगाया हुआ है।

उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन, अध्यक्ष, विजय गुप्ता गोरे ने बताया

महाकुंभ में दान करने के लिए श्रद्धालुओं ने गर्म कपड़ों की काफी खरीदारी की है। कई संस्थाएं तो यहां से ट्रकों में कपड़े लेकर गई हैं। इसके साथ ही जो लोग लगातार वहां रुक कर सेवा में लगे हुए हैं, उन्होंने अपने व साथियों के लिए कपड़ों की खरीदारी की है।

प्रबंध निदेशक, तिरंगा अगरबत्ती, नरेन्द्र शर्मा ने बताया

महाकुंभ धर्म और अध्यात्म का स्थान है। यहां पूजन सामग्री की काफी ज्यादा होती है। यह पूजन सामग्री भी अलग-अलग तरह की होती है। कानपुर भी पूजन सामग्री का बड़ा केंद्र है। हमें अच्छा माल बनाने वाला और बेचने वाला बनना है।

इसे भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: कड़ाके की ठंड में नंगे पांव चल रहे श्रद्धालु, 1000 KM दूर से आए लोगों ने महाकुंभ पर क्या कहा?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।