विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Magha Purnima 2026: कब है माघी पूर्णिमा, रविपुष्य योग का दुर्लभ संयोग, इस दान से मिलेगा विशेष पुण्य

Published: Fri, 30 Jan 2026 09:06 PM (IST)

माघ पूर्णिमा 1 फरवरी को रविपुष्य योग के अद्भुत संयोग में मनाई जाएगी। इस दिन गंगा स्नान और लाल चंदन, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. हजारों लोग गंगा में डुबकी लगाकर करेंगे पूजन

  2. गंगा स्नान और लाल चंदन, वस्त्र, गेहूं का दान शुभ

  3. कानपुर के घाटों पर साफ-सफाई शुरू

जागरण संवाददाता, कानपुर। Magha Purnima 2026: इस बार माघ पूर्णमा रविपुष्प योग के अद्भुत संयोग में मनाई जाएगी। हजारों लोग गंगा में डुबकी लगाकर पूजन करेंगे। लाल चंदन, वस्त्र और गेहूं का दान करना शुभ माना जाता है। पूर्णिमा को सकारात्मक शक्तियों की सक्रियता अधिक होती है। तिथियों की गणना में पूर्णिमा तिथि को स्नान, दान, जप, तप के साथ शुभ कार्य के लिए श्रेष्ठ माना गया है।


ज्योतिषाचार्य मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार माघ पूर्णिमा की तिथि का आरंभ एक फरवरी को प्रातः 5:52 बजे से होगा। इसका समापन 02 फरवरी को रात 03:38 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार माघ पूर्णिमा एक फरवरी रविवार को मनाई जाएगी। रविवार और माघ पूर्णिमा का संयोग बहुत ही शुभ और फलदायी माना जाता है। माघ पूर्णिमा के दिन इस बार रवि पुष्य योग बन रहा है। ज्योतिष में रवि पुष्य योग को बहुत ही शुभ माना गया है और इस योग में कुछ कामों को करने पर जीवन में तरक्की और उन्नति के अवसरों में वृद्धि होती है। रवि पुष्य योग तब बनता है जब रविवार और पुष्य नक्षत्र का संयोग होता है।

ज्योतिष सेवा संस्थान के अध्यक्ष पवन तिवारी ने बताया कि माघी पूर्णिमा को सुबह स्नान कर सूर्य को अर्घ्य दें। लाल चन्दन, लाल वस्त्र, गेहूं का दान करें तो सूर्य का दोष समाप्त हो जाता है। इसी प्रकार चंद्र दोष दूर करने के लिए चंद्रमा के निमित्त मिसरी, शक्कर और चावल का दान करें।

गंगा घाटों पर की जा रही साफ-सफाई

माघी पूर्णिमा पर सरसैया घाट, अटल घाट, सिद्धनाथ घाट, परमट घाट, बाबा घाट और बिठूर के घाटों पर गंगा स्नान होगा। हजारों लोग गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाएंगे। बिठूर में भोर पहर से आसपास के जिलों के श्रद्धालु भी पहुंचने लगते हैं। घाटों पर साफ-सफाई के बंदोबस्त किए जा रहे हैं। सरसैया घाट पर लाइट की व्यवस्था की जा रही थी। नगर निगम की टीमें सफाई करती रही। बिठूर में गंगा में पानी कम होने के कारण घाटों से 50 मीटर दूर जाकर स्नान करना पड़ेगा। घाटों पर अभी भी कूड़े के ढेर लगे हुए है। ब्रह्वावर्त घाट पर नाले का पानी गंगा में जाते मिला। नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कुछ घाटों पत्थर घाट, गुदारा घाट पर साफ सफाई कराई जा रही है। अन्य घाटों पर भी सफाई होंगी। बंद लाइटें चालू कराई जाएंगी। सुलभ शौचालय की सफाई करा कर वस्त्र परिवर्तन कक्ष बनाए जाएंगे।

राज लक्ष्मी ललिता महायज्ञ एक को

धूनी ध्यान केंद्र शकुन्तला शक्ति पीठ विकास नगर में राज लक्ष्मी ललिता महायज्ञ एक फरवरी को होगा। पीठ के संस्थापक आचार्य अमरेश मिश्र और कोषाध्यक्ष सुनीता मिश्रा ने बताया कि महायज्ञ की पूर्णाहुति एक फरवरी को दोपहर एक से चार बजे के बीच होगी। यज्ञ के बाद संतों, काशी के विद्वानों और कन्याओं का सम्मान होगा। इसके बाद भंडारा होगा।