UP में LPG की किल्लत: फर्रुखाबाद में गैस सिलिंडर के लिए लाइन में लगे बुजुर्ग की मौत, कानपुर में बेहोश, जानें अपने शहर का हाल
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एलपीजी सिलिंडर की भारी किल्लत है। फर्रुखाबाद में गैस लाइन में लगे एक बुजुर्ग ...और पढ़ें
-1773420816691_m.webp)
HighLights
फर्रुखाबाद में गैस लाइन में बुजुर्ग की दुखद मौत।
कानपुर में सिलिंडर के इंतजार में व्यक्ति बेहोश हुआ।
कई जिलों में एलपीजी किल्लत से जनजीवन प्रभावित।
जागरण टीम, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर, फर्रुखाबाद, इटावा, उन्नाव सहित कई जिलों में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। गैस लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े लोगों की भीड़ के बीच फर्रुखाबाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कानपुर में सिलेंडर के इंतजार में लाइन में लगा व्यक्ति बेसुध हो गया। गैस वितरण केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल है और लोग सुबह से ही नंबर लगाने को मजबूर हैं।
Farrukhabnad में कतार में लगे वरिष्ठ नागरिक गश खाकर गिरे, मौत
रसोई गैस सिलिंडर बुक कराने के लिए गैस एजेंसी के बाहर कतार में लगे वरिष्ठ नागरिक गश खाकर गिर गए। कुछ युवकों ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन होश नहीं आने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत बताया। स्वजन ने कहा कि गैस एजेंसी की कतार में लगे होने पर उन्हें हार्ट अटैक पड़ा है, लेकिन एजेंसी प्रबंधक फैसल ने एजेंसी पर ऐसी किसी घटना से इन्कार किया है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुहल्ला गढ़ी खानखाना मनिहारी निवासी 65 वर्षीय मो. मुख्तियार अंसारी गैस सिलिंडर बुक कराने के लिए लालसराय स्थित नेशनल गैस एजेंसी पर गए थे।
भरा सिलिंडर लेकर जाती महिला। जागरण
सिलिंडर खत्म, बुकिंग का संकट स्कूलों में चूल्हे पर बनने लगा एमडीएम
गैस सिलिंडर खत्म होने और नई बुकिंग न हो पाने से परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना प्रभावित होने लगी है। कई स्कूलों में गैस सिलिंडर समाप्त हो चुके हैं, जबकि कुछ विद्यालयों में बचे हुए सिलिंडर से कुछ दिन तक ही काम चल सकेगा। मजबूरी में कुछ स्कूलों में अब लकड़ी के चूल्हे पर बच्चों के लिए भोजन बनना शुरू हो गया है।
Kanpur में एलपीजी आते ही कुछ देर में खत्म, खाली हाथ लौटे उपभोक्ता
गैस वितरण एजेंसियों पर एलपीजी आते ही कुछ देर में सिलिंडर खत्म हो जा रहे हैं। लंबी लाइनों में लगे उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर एलपीजी की कमी नहीं है तो जितने लोग लाइन में लगे है, सभी को सिलिंडर क्यों नहीं उपलब्ध कराए जा रहे है। प्रशासन उपभोक्ताओं की संख्या के अनुसार सिलिंडर मंगवाकर वितरित करवाए। भागवत गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। यहां आधा किलोमीटर से अधिक लंबी लाइन घूम कर आई थी। यहां दो दिन से हो रहे हंगामे को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। ट्रक आने के बाद सुबह नौ बजे सिलिंडर बंटना शुरू हुए। दो घंटे से पहले ही सिलिंडर खत्म हो गए। 500 से अधिक उपभोक्ता सिलिंडर मिलने से वंचित रह गए।
Auraiya में छापामारी में 835 लीटर डीजल व 19 खाली सिलिंडर बरामद़
औरैया में गैस व डीजल की कालाबाजारी रोकने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। डीजल के स्टाक की शिकायत पर जिलाधिकारी डा. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर जिला आपूर्ति विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सदर विकास खंड के ग्राम कलापुर, ग्राम पंचायत रामपुर रामसहाय में धर्मेन्द्र सिंह के घर पर छापेमारी की गई। जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि चार प्लास्टिक के ड्रमों 800 लीटर व एक केन में 35 लीटर डीजल, कुल 835 लीटर बरामद डीजल को जब्त किया गया। उमाशंकर लंगड़ा के घर से एलपीजी गैस के 36 खाली सिलेंडर भी बरामद किए है।
गैस सिलिंडर लेने उमड़ी भीड़, पुलिस ने लगवाई लाइन
औरैया के हरीगंज बाजार स्थित अन्नपूर्णा इंडेन गैस एजेंसी पर शुक्रवार सुबह गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह सात बजे से ही दर्जनों उपभोक्ता लाइन में लग गए थे। अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए एजेंसी संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कतार लगवाकर व्यवस्था संभाली। एजेंसी संचालक शिशुपाल सिंह नीलू ने बताया कि गोदाम में करीब 400 गैस सिलिंडरों का स्टाक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को लगातार सिलिंडर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) न आने की समस्या की शिकायत अधिकारियों से की गई थी, जिसका समाधान करा दिया गया है।
Banda में कमर्शियल सिलिंडर न मिलने से रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का रोजगार प्रभावित
बांदा में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की कमी से छोटे खानपान कारोबारियों का काम प्रभावित हो रहा है। जिले में भी कामर्शियल गैस न मिलने से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व कई अन्य बाजार क्षेत्रों में छोला-कचौड़ी, भटूरा और चाय की कई रेहड़ी-पटरी दुकानें अधिकतर बंद रहीं। अतर्रा कस्बा के बांदा रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में फरवरी माह में 5310 घरेलू और 72 कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति हुई थी। मार्च माह में 13 तारीख तक 2088 घरेलू सिलिंडर वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन प्लांट से कमर्शियल सिलिंडर न आने के कारण उनका वितरण नहीं हो सका है। एजेंसी संचालक राजू गुप्ता ने बताया कि घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में आ रही है, लेकिन उपभोक्ताओं द्वारा घबराहट में अधिक बुकिंग किए जाने से सर्वर पर लोड बढ़ गया है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।
Chitrakoot में भविष्य की चिंता में सिलिंडर के लिए जूझ रहे लोग
चित्रकूट में गैस सिलिंडर की जितनी किल्लत नहीं है, उससे ज्यादा लोगों को भविष्य को लेकर चिंता है। यह आंकड़े बताते हैं कि शुक्रवार को 3793 सिलिंडर वितरित किए गए, जबकि सिर्फ 1256 सिलिंडर का बैकलाग है। अमेरिका ईरान युद्ध लंबा न खिंचे, इसे लेकर लोग पहले से एक-दो सिलिंडर की व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे वितरण केंद्रों में लंबी लाइनें लग रही हैं।
Bilhaur में सपाइयों ने किया प्रदर्शन
बिल्हौर में रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि और किल्लत के विरोध में शुक्रवार को सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार दिव्या भारती वर्मा को सौंपा।
Kanpur Dehat में मोहम्मदपुर में गैस सिलिंडर न मिलने पर लोगों का हंगामा
अकबरपुर की गैस एजेंसी मोहम्मदपुर में सुबह से ही लोग सिलिंडर लेकर लाइन में लग गए, लेकिन दोपहर तक वाहन न आने पर लोग नाराज हो गए और आक्रोश जताकर हंगामा शुरू कर दिया। अकबरपुर थाने की पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया। मोहम्मदपुर में गैस लेने को लोग सुबह से ही जुट गए थे। सिलिंडर लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कर्मियों से पूछा तो वाहन आने की बात कहते रहे, लेकिन दोपहर तक जब सिलिंडर वाहन नहीं आया तो लोग नाराज होकर हंगामा लगे और व्यवस्था पर आक्रोश जताया।
नहीं मिला सिलिंडर
क्षेत्र की गैस एजेंसियों में एलपीजी गैस की किल्लत के कारण ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। सिलिंडर लेने पहुंचे ग्राहकों ने पहले कार्यालय के सामने लाइन में खड़े होकर गैस बुक कराकर पर्ची बनवाई, फिर गैस गोदाम के सामने कड़ी धूप में घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। वहीं आनलाइन बुकिंग व डीएसी नंबर मिलने में अभी भी समस्या है। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस पर्याप्त हैं, लेकिन अब लेने को अधिक लोग जुट रहे हैं इससे कभी-कभी समस्या हो रही है।
Etawah में भी टोल फ्री और बुकिंग नंबर नहीं कर रहे काम, उपभोक्ता हो रहे परेशान
टोल फ्री और बुकिंग नंबर नहीं कर रहे काम, उपभोक्ता हो रहे परेशान, भले घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त होने के दावे जिम्मेदारों की ओर से किए जा रहे हों, लेकिन बुकिंग न होने से उपभोक्ताओं की समस्या और चिंता बढ़ती जा रही है। लेकिन गैस एजेंसियों पर इसका कोई समाधान नहीं है। बुकिंग व आनलाइन भुगतान होने के बाद उपभोक्ताओं को सिलिंडर की डिलीवरी होने पर समस्या है। कई दिनों से सिलिंडर घर न पहुंचने की आस में बैठे उपभोक्ता, लेकिन कोई भी जवाब देने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री के आदेश पर भी जनपद में अभी तक कंट्रोल रूम नंबर, हेल्प लाइन नंबर जारी नहीं हो सका है।
इंडेन गैस एजेंसी शादीपुर में गैस सिलिंडरों का मिलान करते जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर। जागरण
Fatehpur में गोदामों में छापामारी, वितरण व बुकिंग में डीलर्स की मनमानी से भटक रहे उपभोक्ता
फतेहपुर के 5.69 लाख उपभोक्ताओं में प्रतिदिन औसत रिफिलिंग पांच से छह हजार सिलिंडरों की है। जबकि वर्तमान में बाटलिंग प्लांट से हर दिन जिले को नौ हजार सिलिंडरों की आपूर्ति दी जा रही है। सिलिंडरों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है, लेकिन डीलर्स वितरण और बुकिंग में मनमानी कर रहे हैं। नतीजा उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही है और उपभोक्ता एजेंसियों के दफ्तर में चक्कर काट रहे हैं। एजेंसी कर्मचारी सीधे मुंह बात तक नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को जिला पूर्ति अधिकारी ने 13 टीमें लगाकर एजेंसियों के गोदाम देखे जहां भरे सिलिंडर पर्याप्त संख्या में मिले। हर दशा में बुकिंग के सापेक्ष वितरण का निर्देश दिया।
Hamirpur में सुबह से लगी रही लाइन, दिन भर प्रतीक्षा करते रहे उपभोक्ता
भले दावे किए जा रहे हों, लेकिन एजेंसियों पर सिलिंडर प्राप्त करने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ पहुंच रही है। सुभाष बाजार स्थित शुभ भारत गैस एजेंसी के बाहर शुक्रवार को दिन भर लोगों की भीड़ रही। हर कोई खाली सिलिंडर के साथ पहुंचा था। महिलाएं और युवतियां भी सड़क किनारे बैठकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करती रहीं। भारत गैस एजेंसी के बाहर भी स्थिति यही रही। यहां भी सुबह से ही उपभोक्ता एक सिलिंडर प्राप्त करने के लिए लाइन में लगे रहे। धूप में भी लोगों को परेशान होना पड़ा।
Jalaun में सिलिंडर बुकिंग पर रोक, लाइन में लगने पर भी खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
रसोई गैस सिलिंडर के लिए आम उपभोक्ता को छह से सात घंटे तक लाइन में लगना पड़ रहा है और उसके बाद भी गारंटी नहीं कि मिल जाएगा। कई उपभोक्ता तो निराश होकर लौट रहे हैं। वहीं बिचौलिया बिना लाइन में लगे सौ से दो सौ रुपये अतिरिक्त देकर दलालों के माध्यम से सिलिंडर ले रहे हैं। भारत गैस वितरक संचालिका नम्रता तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। बुकिंग के बाद अधिकतम तीन से चार दिन के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। उपभोक्ता बुकिंग के लिए 7715012345 और 7718012345 नंबरों पर काल कर सकते हैं। मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आसानी से गैस बुकिंग की जा सकती है। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और समय से गैस बुकिंग कराएं। गैस की कोई कमी नहीं, बुकिंग हो रही है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। समस्या होने पर कंट्रोल रूम नंबर 05162-257090 पर संपर्क कर सकते हैं।
Kannauj में गैस :::: अफवाह पर गैस का स्टाक करने में जुटे उपभोक्ता, 3500 की बुकिंग पेंडिंग
घरेलू गैस सिलिंडर की अचानक बढ़ी मांग के चलते आपूर्ति प्रभावित हो रही है। गैस सीमित होने की अफवाह के बीच उपभोक्ता स्टाक में सिलिंडर रखना चाहते हैं। जिसके चलते रेवती गैस सर्विस पर 35 सौ सिलिंडर की बुकिंग पेंडिंग हो गई है। इसके अलावा जारी किए गए नंबरों पर गैस बुक न होने पर उपभोक्ता सीधे एजेंसी पर पहुंचकर सिलिंडर देने का दबाव बना रहे हैं। उनको सीधी सप्लाई न दिए जाने का आदेश दिखाकर वापस लौटाया जा रहा है। नगर की रेवती गैस सर्विस पर शुक्रवार को दस मार्च तक बुक किए गए सिलिंडरों की आपूर्ति 22 हाकरों के माध्यम से कराई जा रही थी। आलम यह है कि एजेंसी पर 3500 सिलिंडरों की बुकिंग लंबित है। शुक्रवार को छह सौ सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घरों तक कराई गई।
