Lockdown Kanpur News: फीलखाना और ग्वालटोली समेत दस थाना क्षेत्रों में 31 जुलाई तक संपूर्ण लॉकडाउन
कोरोना संक्रमण बढ़ने से प्रशासन ने फैसला लिया है पूरे शहर में शनिवार और रविवार का लॉकडाउन पहले की तरह लागू रहेगा।
कानपुर, जेएनएन। कोरोना का संक्रमण और संक्रमितों की मौत के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने 10 थाना क्षेत्रों में 31 जुलाई रात्रि 10 बजे तक अब संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। अभी तक डीएम ने चकेरी, कल्याणपुर, नौबस्ता, बर्रा, किदवई नगर, गोविंद नगर, काकादेव, शहर कोतवाली, नवाबगंज तथा स्वरूप नगर में सोमवार से शुक्रवार रात लॉकडाउन घोषित किया था, जबकि शनिवार और रविवार का लॉकडाउन पहले से ही घोषित है।
इस बार किदवई नगर और नवाबगंज को बाहर
अब संपूर्ण लॉकडाउन वाले थाना क्षेत्रों की सूची से किदवई नगर और नवाबगंज थाना को हटाकर, इसमें ग्वालटोली और फीलखाना थाना क्षेत्र को शामिल कर लिया गया है। इन थाना क्षेत्रों में किराना, दूध, ब्रेड, सब्जी, दवा आदि जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानों के अतिरिक्त सबकुछ बंद रहेगा। इन क्षेत्रों में निजी सवारी वाहन नहीं चलेंगे। जरूरी सेवाओं से संबंधित सरकारी कार्यालय ही खुलेंगे, जबकि निजी दफ्तर बंद रहेंगे।
फीलखाना और ग्वालटोली में बढ़े केस
कोरोना से हो रही मौतों को रोकने की तमाम कोशिशें रोकने के बाद भी लाभ मिलता नहीं दिख रहा है। हालांकि संपूर्ण लॉकडाउन के बाद किदवई नगर और नवाबगंज क्षेत्र में संक्रमण के मामले कम हुए हैं। जबकि संपूर्ण लॉकडाउन से बाहर फीलखाना और ग्वालटोली थाना क्षेत्र में मामले बढ़ गए। यही वजह है कि नवाबगंज और किदवई नगर के लोगों को अब राहत दी गई है। यहां शनिवार और रविवार को ही लॉकडाउन रहेगा। वहीं संपूर्ण लॉकडाउन की सूची में फीलखाना और ग्वालटोली का नाम जोड़ा गया। जिन क्षेत्रों में लॉकडाउन घोषित किया गया है, वहां जरूरी सेवा वाले सरकारी दफ्तर खुलेंगे। निजी दफ्तर, शोरूम बंद रहेंगे। औद्योगिक इकाइयां खुली रहेंगी। लॉकडाउन वाले क्षेत्रों में होम डिलीवरी व डोर स्टेप डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सब्जी व दूध के विक्रेता गलियों में सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक घूमकर बिक्री कर सकेंगे। सब्जी व फल मंडी भी खुलेगी।
लॉकडाउन में ये खुलेंगे
पेट्रोल पंप, सीएनजी पंप, रसोई गैस , कलेक्ट्रेट, स्वास्थ्य विभाग के दफ्तर, नगर निगम, केस्को, जलकल, जल निगम आदि सरकारी कार्यालय खुलेंगे। आवश्यक वस्तुओं से संबंधित दुकानें जैसे किराना-परचून की दुकान, सब्जी, दूध अंडा, मछली, मीट, ब्रेड की दुकान खुलेंगी। किराना की एकल दुकानें ही खुलेंगी। सैनिटाइजेशन, सफाई आदि का कार्य करने के लिए नगर निगम का दफ्तर खुला रहेगा। यहां काम करने वाले कर्मचारी बेरोकटोक आ जा सकेंगे। औद्योगिक इकाइयां भी खुलेंगी। कर्मचारियों के लिए कंपनियों और विभाग द्वारा जारी पहचान पत्र को ही पास माना जाएगा। आइटी सेक्टर व आइटी सर्विस से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों के खुलने पर भी कोई रोक नहीं रहेगी।
ये बंद रखने के आदेश
हाट, बाजार, गल्ला मंडी बंद रहेगी। निजी दफ्तर बंद रहेंगे। शोरूम और शॉङ्क्षपग मॉल बंद रहेंगे। फास्ट फूड, चाट समोसा के ठेले कहीं खड़े नहीं होंगे।
इन थाना क्षेत्रों में संपूर्ण लॉकडाउन
चकेरी, कल्याणपुर, नौबस्ता, बर्रा, फीलखाना, गोङ्क्षवदनगर, काकादेव, शहर कोतवाली, ग्वालटोली तथा स्वरूप नगर।