महोबा में श्रद्धालुओं से भरा लोडर पलटा, 15 से अधिक घायल, मदारनदेवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे
महोबा के चरखारी के फतेहपुर गांव में श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा लोडर पलट गया। लोडर में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे। जिसमें 15 लोग घायल गंभीर रूप से घायल हो गए है। ग्रामीणों और पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महोबा, जागरण संवाददाता। चरखारी के फतेहपुर गांव से श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे लोडर का टायर पंचर हो गया। जिसमें लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए है। ग्रामीणों की सूचना में पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, लोडर में करीब 20 यात्री सवार होकर मदारनदेवी मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चरखारी थाना क्षेत्र के कुराराडांग गांव के पास पहुंचते ही लोडर का टायर पंचर हो गया। जिससे लोडर में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्री एक दूसरे पर जाकर गिर पड़े। घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 15 लोग जख्मी हो गए। लोडर गांव का ही अरविंद चला रहा था। आनन-फानन में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सात लोगों को महोबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को चरखारी के सीएचसी में भर्ती कराया गया है।