पटाखों ने छीनी तीन परिवारों की खुशियां: कासगंज में बर्तन में विस्फोट से 23 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम, दो घायल
कासगंज में दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य घायल ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
कासगंज में दीपावली पर पटाखों से हुए हादसे।
स्टील के बर्तन में पटाखा चलाने से युवक की मौत।
दो अन्य लोग भी आतिशबाजी के दौरान घायल हुए।
जागरण संवाददाता, कासगंज। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान लापरवाही तीन परिवारों पर भारी पड़ गई। पटाखे चलाते समय हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोरों क्षेत्र के सिरावली निवासी 23 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र रामवीर सिंह को स्वजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि प्रवेश ने पटाखे को स्टील के बर्तन में रखकर जलाया था।
विस्फोट के दौरान बर्तन का टुकड़ा उसके पेट में जा घुसा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो चुकी थी। स्वजन ने पोस्ट मार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
दूसरी घटना में होडलपुर निवासी 20 वर्षीय नरेंद्र पुत्र हरि सिंह पटाखा चलाते समय घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं।
भिटौना निवासी सात वर्षीय आयल पुत्र मुहीद भी पटाखे की चपेट में आकर घायल हो गया। बताया गया कि पटाखा उसके हाथ में आकर फट गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।