विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विंटर फैशन में लौटा 90's का दौर, Gen-Z को खूब भा रही कनपुरिया लेदर और बॉम्बर जैकेट 

Published: Thu, 19 Nov 2026 02:26 PM (IST)

गुलाबी ठंड के साथ विंटर वियर का नया कलेक्शन बाजार में आ गया है, जिसमें 90 के दशक का फैशन जेन-जी को खूब भा रहा है।

आउटलेट में लगी कनपुरिया लेदर जैकेट और बॉम्बर जैकेट। (तस्वीर सोर्स- जागरण)

आउटलेट में लगी कनपुरिया लेदर जैकेट और बॉम्बर जैकेट। (तस्वीर सोर्स- जागरण)

HighLights

  1. 90 के दशक का फैशन जेन-जी को खूब भा रहा।

  2. कनपुरिया लेदर जैकेट का क्रेज युवाओं में सबसे ज्यादा।

  3. आरामदायक बांबर, ओवरसाइज्ड जैकेट बनी पहली पसंद।

जागरण संवाददादा, कानपुर। गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम की ठंड से लोगों बचाव करने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही ब्रांड आउटलेट से लेकर रेडीमेड कपड़ों की दुकानों में ग्राहकों को लुभाने के लिए विंटर वियर का नया कलेक्शन आ गया है।

इसमें बांबर जैकेट, ओवरसाइज जैकेट, यूटिलिटी जैकेट, बेसबाल जैकेट, डबल ब्रेस्टेड कोट, मोबाइल स्क्रीन फैंडली दस्ताने और बीनी कैप सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं।

इन सब के बीच कनपुरिया लेदर जैकेट का भी खूब क्रेज है। फैशन डिजाइनरों की मानें तो 90 के दशक का फैशन जेन-जी को खूब भा रहा है। वे आरामदायक वस्तुओं को ही अपने फैशन स्टेटमेंट में शामिल कर रहे हैं। पेश है जागरण संवाददाता आलोक तिवारी की रिपोर्ट...

कानपुरः एक माल में मौजूद एक फैशन आउटलेट में खरीदारी कर रहे युवा ढीले-ढाले कपड़े की खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। बातचीत में उन्होंने बताया कि यह उनके दौर का फैशन है। पहनने में आरादायक और लंबे समय कैरी किया जा सकने वाला। बांबर जैकेट और ओवर साइज जैकेट किसी भी लुक के साथ आसानी से फिट हो जाता है। यूटीलिटी जैकेट के साथ बैग साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती है।

पास में ही एक आउटलेट में डबलवेस्ट कोट की खरीदारी कर रहे। युवाओं ने बताया कि यह ढीले-ढाले (कोरियन पैंट) के साथ आता है, जो पहनने में आरामदायक है।

इससे फार्मल लुक को आसानी से कैरी किया जा सकता है। समाजशास्त्रियों की मानें तो इसके पीछे कहीं न कहीं हल्लयू वेव (कोरियाई लहर) का भी असर है। जेनजी आबादी इंटरनेट मीडिया और ओटीटी प्लेटफार्म के जरिये के-ड्रामा और के-पाप (कोरियाई वेबसीरीज और संगीत) से रूबरू हो रही थी। इसका ही असर हमारे फैशन में दिखने लगा।

जेन-जी पसंद कर रहे ये जैकेट

बांबर जैकेटः यह कमर तक लंबी जैकेट होती है, जिसमें सामने की तरफ जिप और कलाई व कमर पर इलास्टिक या रिब्ड पट्टियां होती हैं। इसे मूल रूप से प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पायलटों को ऊंचाई पर ठंड से बचाने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब यह कैजुअल और स्ट्रीटवियर फैशन का एक प्रमुख हिस्सा है।

ओवरसाइज्ड जैकेटः इन दिनों स्ट्रीटवियर और कैजुअल फैशन में काफी लोकप्रिय हैं। ये जैकेट आपके शरीर के आकार से थोड़ी बड़ी होती हैं, जिनमें ड्राप-शोल्डर (नीचे की तरफ खिसके हुए कंधे) और आरामदायक फिटिंग होती है। इसे पहनने पर गर्माहट के साथ बेहतरीन कम्फर्ट महसूस होता है।

यूटिलिटी जैकेटः इसमें कई बड़ी और सुरक्षित जेबें होती हैं, जो फोन, वालेट या अन्य जरूरी सामान रखने के लिए बेहद उपयोगी हैं। इससे बैग ले जाने की जरूरत कम हो जाती है। इसकी जड़ें मिलिट्री यूनिफॉर्म और वर्कवियर से जुड़ी हैं, जो इसे एक रफ-एंड-टफ, कान्फिडेंट और ''कूल'' स्ट्रीटवियर लुक देती हैं।

डबल ब्रेस्टेड कोटः इसके सामने वाले दोनों हिस्से (फ्लैप्स) काफी चौड़े होते हैं और एक-दूसरे के ऊपर काफी दूर तक ओवरलैप होते हैं। इसमें सामने की तरफ बटनों की दो सममित पंक्तियाँ होती हैं। इनमें से कुछ बटन सजावट या बंद करने के काम आते हैं और कुछ सिर्फ दिखावे के लिए होते हैं।

लेदर जैकेट का बदला अंदाज

जाजमऊ में लेदर जैकेट तैयार करने वाले कारीगर बताते हैं अब फिटेड जैकेट के बजाय लूज और ओवरसाइज्ड लेदर जैकेट का ट्रेंड सबसे ज्यादा है। इन्हें हुडी या स्वेटर के ऊपर आसानी से लेयर किया जा सकता है। इसके अलावा अंदर की तरफ फर या शर्लिंग अस्तर और डबल जिप वाली बाइकर जैकेट काफी लोकप्रिय हैं।

गैजेट्स के हिसाब के भी बदल रहा ट्रेंड

सर्दियों में सबसे ज्यादा परेशानी हाथों में दस्ताने पहनकर कर स्मार्टफोन आपरेट करने की होती है। अब इस समस्या का समाधान मोबाइल स्क्रीन फैंडली दस्ताने के रूप में सामने आया है।

यह देखने में आम दस्तानों की तरह ही होते हैं, लेकिन इनके अंगुलियों के अगले हिस्से पर सिल्वर फाइबर या कंडक्टिव यार्न लगा होता है, जो स्मार्ट फोन को दस्ताने पहनकर ऑपरेट करने में मदद करता है। इसके अलावा बीनी कैप और हेडफोन टोपा भी खूब पसंद किया जा रहा है।

चक्र की तरह चलने वाली प्रक्रिया है फैशन

फैशन डिजाइनर आस्था मनचंदानी बताती हैं कि फैशन एक चक्र की तरह चलने वाली प्रक्रिया है। इसके तहत नए फैशन की शुरुआत होती है, वह लोगों के बीच लोकप्रिय होता है, अपनी लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचता है और फिर पुराना होकर चलन से बाहर हो जाता है।

कई दशक बाद वह फैशन दोबारा आता है। फिलहाल हम इसी दौर से गुजर रहे हैं कि 90 के दशक का फैशन नए लुक में जेन-जी अपना रहे हैं। हालांकि वे फैशन इनोवेटर और आराम पसंद करने वाले हैं। इसलिए वे लूज फिट या ओवरसाइज्ट कपड़े पसंद कर रहे हैं।

ओवरसाइज्ड कपड़े लंबे समय तक आसानी से पहने जा सकते हैं। रोजमर्रा के काम करने, कालेज जाने या फिर घूमने-फिरने में ये ज्यादा व्यवहारिक लगते हैं।

अद्वैत पांडेय, छात्र

वर्क फ्रॉम होम और आफिस जाने में इन कपड़ों को आसानी से कैरी किया जा सकता है। इसके साथ ही इनकी देखभाल में भी ज्यादा झंझट नहीं रहती है।

प्रशांत तिवारी, आइटी कर्मी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।