कानपुर, जागरण संवाददाता। शहर में मौसम का हाल कड़क हो चला है, बारिश के बाद से न्यूनतम पारे में आई गिरावट में शुक्रवार की रात भले ही चार डिग्री का इजाफा हुआ लेकिन गलन कम नहीं हुई है। शनिवार की सुबह कोहरे की चादर लेकर आई और आसामन में हल्के बादल छाए रहे, इसके इतर सर्द हवाएं बेहाल कर रही हैं। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में हवाएं सर्द हो गई हैं और गलन का अहसास करा रही हैं। सुबह-शाम ही नहीं दिन में धूप निकलने पर भी हवाएं हाथ-पैर सुन्न कर रही हैं।
बीते दिनों बारिश के बाद से मौसम में तेजी से बदलाव हुआ और पारे में गिरावट शुरू हो गई थी। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री व अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। इस सीजन में न्यूनतम तापमान तीसरी बार सबसे कम दर्ज किया गया। इससे पूर्व 22 दिसंबर को न्यूनतम तापमान चार डिग्री और 21 दिसंबर को 4.4 डिग्री था। वहीं शनिवार की सुबह कोहरा छाया रहा, जो करीब दस बजे के बाद छंटा। आसमान में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में इजाफा दर्ज किया लेकिन सर्द हवाएं हाथ-पैर सुन्न करती रहीं। न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री का इजाफा हुआ है और पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा।
सीएसए कृषि विवि में मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पांडे का कहना है कि हिमालय के पास नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। आसमान पर काफी ऊंचाई पर हल्के बादल छाए हैं और पूरब दिशा से नम हवाओं का आना शुरू हो गया है। ये हवाएं उत्तर पश्चिम बर्फीली हवाओ के साथ मिलकर कोहरे में परिवर्तित हो रही हैं। इसी वजह से गलन और शीतलहर तेज हो गई है।
कानपुर व आसपास के जिलों में धूप तो खिल रही है लेकिन सर्द हवाओं की वजह से गलन का अहसास ज्यादा हो रहा है। अब रात का तापमान गिर सकता है और घना कोहरा छाएगा। हवाओं में 97 फीसद आर्द्रता होने के कारण ही कोहरा बढ़ता जा रहा है। अगले कुछ दिन तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। अगर तापमान और कम हुआ तो पाला भी पड़ सकता है। यूपी के उत्तर पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन रहा है। इसके कारण अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। पूरे दिन शीतलहर चलने के आसार हैं।
a