Kanpur Weather Update: दो दिन मिलाजुला रहेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बढ़ेगा तापमान
कानपुर शहर में मौसम साफ है और सुबह और शाम को ही अब हल्की सर्दी का अहसास हाे रहा है। पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों पर पश्चमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। वहीं उत्तर पश्चिमी हवा थमने से मौसम बदला है।
कानपुर, जेएनएन। अगले दो दिन मौसम का मिलाजुला असर रहेगा। सुबह और शाम को हल्की सर्दी पड़ेगी, जबकि दोपहर में गर्मी का अहसास होगा। अत्याधिक ऊंचाई वाले बादल भी बन सकते हैं, जिसकी वजह से रात में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व बर्फबारी होगी। इसका आंशिक असर उत्तर के मैदानी क्षेत्रों में नजर आएगा। टर्फ रेखा बनने या फिर विपरीत चक्रवाती हवा के बनने से हल्की बारिश भी हो सकती है।
कानपुर शहर में मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा। हालांकि भोर पहर हल्की सर्दी का अहसास हुआ लेकिन सूरज की किरणें धरती पर पड़ते ही राहत रही। जैसे जैसे सूरज चढ़ना शुरू हुआ हल्की गर्मी का अहसास हुआ। दो दिन पहले बना पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड की ओर से चीन की ओर चला गया है, जबकि नया पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के पास सक्रिय है। इसके मंगलवार की शाम तक उत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों में विकसित होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर पश्चिमी हवा पर ब्रेक लगेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मार्च तक आते रहेंगे, लेकिन उनका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पर न के बराबर दिखाई देगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव होगा। मध्य प्रदेश के पास विपरीत चक्रवाती हवा क्षेत्र बना हे, जिसके चलते उत्तर प्रदेश में आर्द्रता बनी हुई है। यह बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की नमी लिए हवा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की खींच रहा है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हल्का कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में केवल धुंध रहेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 27.6, न्यूनतम 12.0 डिग्री सेल्सियस रही।हवा की औसत गति 3.6 किलोमीटर प्रति घंटे, अधिकतम आर्द्रता 76 फीसद रिकार्ड हुई।