Kanpur Weather Update: पहाड़ों पर जमी बर्फ से आने वाली हवा से कांपेंगे मैदान, छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग का मानना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद सर्द हवाओं के आने से मैदानी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। सोमवार से फिर तापमान नीचे आने के आसार बन रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। बीते चार-पांच दिनों से सर्दी से राहत देने वाली धूप अब ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर जमा बर्फ से होकर आने वाली हवाओं का रुख मैदानी क्षेत्र की ओर हो गया है। कानपुर में बीते चार से पांच दिन थोड़ी राहत के बाद फिर से कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। पहाड़ों पर जमी बर्फ से ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की और आएगी। धूप और कोहरे के बीच जंग रहेगी। लंबे समय तक कोहरा और धुंध छाए रह सकते हैं।
तेज सर्द हवाएं बढ़ाएंगी गलन
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के पास बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र शीत लहर की गति में रोड़ा बन रहे हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान 19.6 था। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्व विद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार के बाद से कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। हवा की रफ्तार सामान्य से तेज गति से चलेगी। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में 21 या 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। उसका असर मैदानी शहरों पर पड़ेगा।
हल्की बारिश की भी संभावना
उन्होंने बताया कि ठंडी हवा तेजी से आएंगी। कुछ शहरों पर हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। इस तरह का मौसम पूरे महीने रहेगा। बीच बीच में विपरीत हवा के क्षेत्र और चक्रवाती हवा के क्षेत्र बनने से ठंड का असर कुछ कम होगा। बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचना चाहिए। फसलों के लिए भी प्रबंधन करने की जरूरत है।