Kanpur Weather: समय से पहले दस्तक दे सकता है मॉनसून, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के असार
कोरोना काल में मॉनसून को लेकर अच्छी खबर है मई के अंत तक केरल से दस्तक देकर बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ेगा। इससे पहले चक्रवाती तूफान तौकते का खतरा बना हुआ है जिसे लेकर आइएमडी ने अलर्ट जारी किया है।
कानपुर, जेएनएन। कोरोना काल में मॉनसून को लेकर अच्छी खबर है, यह समय से पहले दस्तक दे सकता है। लेकिन, इससे पहले कई क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान ताैकते का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि इसका असर यूपी व आसपास प्रांतों में ज्यादा नहीं दिखाई देगा लेकिन आंशिक असर बना रहेगा। इससे तेज अांधी और बादल छाए रहने की संभावना बन रही है। कहीं-कहीं पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी सकती है। मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया है।
यूपी के मध्यभाग में मौसम फिलहाल गर्म है, बीते कुछ दिनों से बादलों की लुकाछिपी जारी है। कानपुर शहर में शनिवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे लेकिन पूर्वाह्न धूप चटक होते ही गर्मी सताने लगी। हालांकि तापमान सामान्य से कम ही बना हुआ है, बीते दिनों रात में गर्मी बढ़ी थी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में धूल भरी तेज आंधी और हल्की बारिश के आसार जताए हैं। मौसम विभाग की मानें तो केरल में दक्षिण पश्चिम मॉनसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। इसके मई के अंत तक पहुंचने के आसार हैं, जबकि आमतौर पर मॉनसून एक जून को आता है।
आईएमडी के अनुसार इस साल दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल में 31 मई तक पहुंच सकता है। मानसून की शुरुआती बारिश दक्षिण अंडमान सागर से होती है और फिर माॅनसून उत्तर पश्चिम दिशा में बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ता है। इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून 22 मई के आसपास अंडमान सागर में पहुंचने के असार हैं। इस बार सामान्य बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
आइएमडी ने चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर चेतावनी जारी की है। दक्षिण अरब सागर और लक्षद्वीप इलाके में दबाव क्षेत्र बन गया है, जो एक दिन में गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके बाद 24 घंटों में चक्रवाती तूफान की संभावना बन रही है। इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम गुजरात और पाकिस्तानी तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह 18 मई की शाम तक गुजरात तट के नजदीक पहुंच सकता है। इस चक्रवात को ‘तौकते’ नाम म्यांमार ने दिया है। अरब सागर में बन रहे चक्रवात ‘तौकते’ के खतरे से निपटने के लिए एनडीआरएफ ने 53 दल तैयार किए हैं। एनडीआरएफ के महानिदेशक ने इसे लेकर शुक्रवार को ट्वीट करके जानकारी दी है। इसमें उन्हाेंने कहा कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में दल तैनात किये जा रहे हैं।
कानपुर में मौसम का हाल
कानपुर में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञों ने तापमान सामान्य रहने की संभावना जताई है। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 60 प्रतिशत और न्यूनतम 25 प्रतिशत दर्ज की गई। सामान्य चाल में हवा की औसत गति 3.4 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में आसमान में हल्के-मध्यम बादल छाए रहेंगे और शनिवार शाम तक तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।