Kanpur Weather News : उत्तर-पश्चिमी हवाएं करा रही ठंड का अहसास, तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी
Kanpur Weather News चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने शहर में ठंड बढ़ा दी है लेकिन दिन में कड़ी धूप होने के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। Kanpur Weather News : पहाड़ों से आ रही उत्तर पश्चिमी हवा लगातार सर्दी बढ़ा रही हैं। हालांकि शुक्रवार को दिन में तेज धूप खिलने के कारण शनिवार को तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हुई। न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक तापमान में उतार चढ़ाव होने की संभावना जताई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिन तक साफ आसमान रहने के आसार हैं और दिन में तेज धूप खिल सकती है। इसके चलते तापमान में मामूली बदलाव होगा। वर्तमान में अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है।
इसके साथ ही दूसरा चक्रवाती हवा का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी पर है। इसके चलते पहाड़ों से आ रही हवा रात में ज्यादा प्रभाव दिखा रही है। दिन में सूरज की तेज रोशनी के कारण सर्दी व शीतलहर का अहसास कम हो रहा है। अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।