विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर से अयोध्या चलेगी हाईस्पीड रैपिड रेल, नयागंज बनेगा पहला स्टेशन, इन 4 शहरों की बदल जाएगी सूरत

By Nirmal PandeyEdited By: Anurag Shukla
Published: Sun, 17 May 2026 03:19 PM (IST)

कानपुर से अयोध्या तक हाईस्पीड रैपिड रेल (नमो भारत कॉरिडोर) का काम शुरू हो गया है, जिससे यह सफर सिर्फ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर-अयोध्या हाईस्पीड रैपिड रेल परियोजना शुरू।

  2. सफर डेढ़ घंटे में, पहला स्टेशन नयागंज।

  3. चार शहरों को मिलेगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी, विकास।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर से सीधे अयोध्या तक हाईस्पीड रैपिड रेल के परिचालन पर काम शुरू हो गया है। यह सफर सिर्फ डेढ़ घंटे का रहेगा। इसे औद्योगिक क्षेत्र से भी जोड़ा जा रहा है। रैपिड रेल का पहला स्टेशन नयागंज बनेगा। इस कारिडोर की लंबाई 187 किलोमीटर है।

14 मई को हुई बैठक

प्रोजेक्ट पर करीब 32 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। 14 मई को एनसीआरटीसी और प्रदेश सरकार की बैठक में इस परियोजना के विस्तृत प्रेजेंटेशन पर चर्चा भी हो चुकी है। इसके बाद ही प्रोजेक्ट की जानकारी यूपी कैपिटल रीजन (यूपीएसीआर) ने एक्स पर सार्वजनिक भी की है। इस प्रोजेक्ट पर नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (एनसीआरटीसी) और यूपी सरकार मिलकर संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट से कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी और अयोध्या के बीच रोजमर्रा के यात्रियों, नौकरीपेशा युवाओं, छात्रों और पर्यटकों को हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी।

नमो भारत कारिडोर और रैपिड रेल से बदलेगी सूरत

दरअसल, दिल्ली-एनसीआर की तरह यूपी में भी राजधानी क्षेत्र (एससीआर) तैयार हो रहा है। इस रीजन में हाई स्पीड रेल नेटवर्क तैयार हो रहा है। एससीआर के विकास की कार्ययोजना के तहत कानपुर-उन्नाव-लखनऊ-अयोध्या के बीच नमो भारत कारिडोर बनाने और रैपिड रेल चलाने की योजना है। इन शहरों के बीच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से नमो भारत ट्रेन चलेगी।

यहां पर बनेंगे स्टेशन

इस हाई स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) यानी नमो भारत कारिडोर का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि परियोजना का व्यापक रूपरेखा लखनऊ विकास प्राधिकरण में सलाहकार एजेंसी ने दिया है। इसमें नयागंज (कानपुर), उन्नाव, बशीरतपुर, नवाबगंज, बंथरा, अमौसी, सुशांत गोल्फ सिटी, जुग्गौर, बरेल, सफदरगंज, भिटरिया और अयोध्या में स्टेशन बनाने की योजना है।


कानपुर-अयोध्या के बीच बनेंगे 12 स्टेशन

कानपुर-अयोध्या नमो भारत कारिडोर को दो चरणों में तैयार करने की योजना बन रही है। पहले चरण में कानपुर के नयागंज से लखनऊ के अमौसी (एयरपोर्ट) तक करीब 67 किलोमीटर लंबा सेक्शन विकसित करने की योजना है। दूसरे चरण में इस लाइन को अमौसी से आगे बढ़ाकर लखनऊ सिटी, बाराबंकी होते हुए अयोध्या तक पूरा किया जाएगा। इस 187 किलोमीटर के कारिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। इन स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष इकोनामिक और कमर्शियल हब बनाने की तैयारी चल रही है।