सट्टे में 10 लाख हारा तो MCA पास बना चोर, सर्राफ के घर से 76 लाख की 30 किलो चांदी उड़ाई; ऐसे पकड़ा गया
कानपुर के पटकापुर में सर्राफ के घर से 76 लाख की चांदी और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक एमसीए ग्रेजुएट को गिरफ्तार किया है।

सर्राफ के घर से चोरी करने वाला गिरफ्तार।
HighLights
कानपुर में सर्राफ के घर से 76 लाख की चांदी चोरी।
पुलिस ने एमसीए ग्रेजुएट सुधांशु अग्रवाल को गिरफ्तार किया।
आरोपी से 24 किलो से अधिक चांदी बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पटकापुर के चटाई मोहाल में सर्राफ के घर पर अलमारी के लाकर से करीब 76 लाख की कीमत की 30 किलो चांदी सिल्लियां और 75 हजार रुपये चोरी के मामले में फीलखाना थाना पुलिस ने 50 से अधिक सीसी कैमरों की मदद से एक आरोपित को किला तिराहा फलमंडी से गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि जब कैमरों की फुटेज में चोर दिखा तो पुलिस जब घर पहुंची तो पहले वह भाग निकला, लेकिन इसके बाद उसने कोर्ट से आत्म समर्पण की अर्जी डाल दी थी।
कोर्ट से फीलखाना थाना में आख्या रिपोर्ट मांगी थी, जिसपर पुलिस का शक गहरा गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नानाराव पार्क में कई जगहों से मिट्टी खोदकर 24.348 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। आरोपित सट्टा और जुआ खेलता था, जिससे उस पर 10 लाख से अधिक का कर्ज था।
चटाई मोहाल निवासी सर्राफ किशोर सिंह ने बताया कि उनकी चाैक सराफा बाजार के कल्याण भवन में प्रियंका ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। परिवार में पत्नी सुशीला, बेटा अभय, बेटी प्रियंका हैं। उनका दो मंजिला मकान है, जिसके पहली व दूसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है और भूतल पर बना कमरा भी है, जहां मेहमानों के बैठने के लिए है। वहीं बाइक खड़ी होती है।

अभय ने बताया कि 12 सितंबर की रात दुकान से चांदी की 18 से 20 पीस सिल्लियां, जिनका वजन 30 किलो था। वह घर लेकर आए। उसे भूतल पर रखी अलमारी के लाकर में रखी थी। उसी में 75 हजार की नई करेंसी रखी हुई थी।
शुक्रवार रात वह बाइक खड़ी करने के लिए चौखट पर लकड़ी का पटरा उठाने अलमारी व लाकर खुला हुआ था। बैग देखा तो चांदी की सिल्लियां और रुपये गायब थे। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूरी पर रहने वाला फीलखाना निवासी सुधांशु अग्रवाल गिरफ्तार किया गया। उसने एमसीए कर रखा है। वह जुआ-सट्टे में 10 लाख हारने से कर्जदार था। उसके पिता ब्याज का काम करते हैं।
