विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर का 100 साल पुराना शिवाला बाजार, डिजाइनर पगड़ी-मौर और अहमदाबाद की 'गोल्डन चौकी' बनी खास आकर्षण

Published: Wed, 18 Nov 2026 01:29 PM (GMT+05:30)

कानपुर का ऐतिहासिक शिवाला बाजार सहालग की शुरुआत के साथ ही डिजाइनर पगड़ी, अहमदाबाद की गोल्डन चौकियां और अन्य वैवाहिक सामानों से चमक उठा है।

बाजारों में लगी डिजाइनर पगड़ी और डिजाइनर खल और मूसल। (तस्वीर- जागरण)

बाजारों में लगी डिजाइनर पगड़ी और डिजाइनर खल और मूसल। (तस्वीर- जागरण)

जागरण संवाददाता, कानपुर। सहालग की शुरुआत के साथ ही शहर का सबसे पुराना और ऐतिहासिक शिवाला बाजार पूरी तरह से चमकने लगा है। विवाह की रस्मों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी वस्तु इस बाजार में उपलब्ध है।

बाजार में न केवल शहरवासी पहुंच रहे हैं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों और खुदरा व्यापारियों की जरूरतों का भी पूरा प्रबंध है। वैवाहिक आयोजनों के बदलते अंदाज के अनुरूप यहां डिजाइन पगड़ी व मौर से लेकर अहमदाबाद की खास गोल्डन चौकियां भी छाई हुई हैं जो खरीदारों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण हैं।

लगभग 100 साल से शिवाला बाजार ही सहालग खरीदारी का प्रमुख केंद्र बना है। यहां वैवाहिक समारोहों की खरीदारी के लिए शहर के अलावा घाटमपुर, महाराजपुर, बिल्हौर के अलावा कानपुर देहात और कन्नौज से भी खरीदार आते हैं।

शहर के सीसामऊ बाजार, लाल बंगला, गोविंद नगर, बर्रा, नौबस्ता, विजय नगर और कल्याणपुर-बिठूर रोड पर भी इस तरह की दुकानें खुल गई हैं जो लोगों की जरूरत पूरी करती हैं लेकिन डिजाइनर मौर व मौरी के साथ ही नए ट्रेंड वाले पीढ़ों- चौकियों जैसे सामान के लिए लोग यहां जरूर आते हैं।

शिवाला स्थित 80 साल पुरानी दुकान 'लाला मौर वाले' के संचालक कैलाश बताते हैं कि समय के साथ शादी के सामानों की खरीदारी में दिखावे और फैंसी ट्रेंड का चलन तेजी से बढ़ा है। यह बाजार खरीददारों की हर शर्त पूरी करता है।

शगुन के तौर पर अगर कोई वैवाहिक सामान की खरीद कर रहा हो तो 50 रुपये में भी मौर मिल जाता है। इस तरह पूरा सामान 500 रुपये तक में खरीदा जा सकता है लेकिन आजकल फैंसी और आकर्षक सामानों की मांग के चलते लड़के वालों की पूरी खरीदारी औसतन 2,000 से 2,500 रुपये तक में पूरी हो रही है।अब लोग दुल्हन के लिए भी आकर्षक मौरी खरीदते हैं। बारातियों के लिए साफे और स्टोल के सेट भी डिमांड में हैं।

वैवाहिक कार्यक्रम में लकड़ी के बने अनेक सामान की खासी मांग रहती हैं। बाजार के फर्नीचर व्यापारी रविन्द्र सिंह के अनुसार, पहले विवाह की रस्मों में लकड़ी के साधारण 'पीढ़े' इस्तेमाल होते थे, लेकिन अब इनकी जगह गुजरात के अहमदाबाद से आने वाली डिजाइनर 'गोल्डन' चौकी-पाटों ने ले ली है।

ओखली और मूसल भी डिजाइनर और रंग-बिरंगे हैं तो लकड़ी का पाटा भी कलाकृतियों के साथ सजाकर दिया जाता है। इस बाजार में मौर, झालर, पगड़ी, कलगी, पटका, जयमाला, नारा-डोरा और तरकी से लेकर सत्तू, झरबुरिया, मौर-गोली, कच्चा सूत, पीली चुनरी, और लकड़ी के बने मूसर, खल्लर व दीवट भी बिक रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।