कानपुर आरटीओ भ्रष्टाचार: छापेमारी के बाद दो लिपिक निलंबित, हड़कंप
कानपुर आरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप में दो लिपिकों, विपिन कुमार श्रीवास्तव और मधुर मिश्रा को निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई हुई है। एफआइआर में नामजद दोनों लिपिकों, विपिन कुमार श्रीवास्तव और मधुर मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से आरटीओ में अन्य कर्मचारियों में खलबली मची है। वहीं, विभागीय कार्यालय में दलाली सिस्टम के प्रभावी होने के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भी नींद उड़ी है। फिलहाल, दोनों कर्मियों के निलंबन का आदेश अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) चित्रलेखा सिंह ने जारी कर दिया है।
आरटीओ कार्यालय में दलालों की सक्रियता पर दैनिक जागरण की ओर से प्रकाशित की गई खबरों का संज्ञान लेकर डीएम के निर्देश पर सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह और एडीसीपी आपरेशंस सुमित सुधाकर रामटेके की ओर से संयुक्त छापेमारी हुई थी। इसमें आरटीओ के काले साम्राज्य की पोल खुल गई थी। छापेमारी में दलालों की सक्रियता की पुष्टि होने के बाद रिपोर्ट शासन में भेजी गई थी।
अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) ने एआरटीओ प्रवर्तन के प्रधान सहायक मधुर मिश्रा और एआरटीओ प्रशासन के वरिष्ठ सहायक विपिन कुमार श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। छापेमारी के बाद इन 13 दलालों समेत दोनों लिपिकों के विरुद्ध सर्वोदयनगर पुलिस चौकी प्रभारी डालचंद्र ने काकादेव थाने में नमाजद एफआइआर दर्ज कराई थी। हालांकि, ये दोनों लिपिक अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं, जबकि छापेमारी के दिन ही दबोचे गए 11 दलालों को पुलिस ने जमानत पर छोड़ा था।
छापेमारी की कार्रवाई में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को इन दोनों लिपिकों पर लंबे समय से आरटीओ कार्यालय में आने वाले आवेदकों से अवैध वसूली, फाइलों को रोकने और बिचौलियों के साथ साठगांठ करने के गंभीर मामले मिले थे। साथ ही काउंटर पर बरामद हुए एक लाख रुपये का हिसाब मुधर मिश्रा नहीं दे पाए थे। यही हाल, वरिष्ठ लिपिक विपिन कुमार श्रीवास्तव का था, इनके पास हिसाब से 7000 रुपये कम मिले थे। खबर है कि इस मामले में आरटीओ के कुछ अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
कार्यालय में मचा हड़कंप, हो सकती है गिरफ्तारी
अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन के स्तर से दोनों लिपिकों के विरुद्ध हुई निलंबन की कार्रवाई के बाद आरटीओ कार्यालय के अन्य कर्मचारियों और दलालों के गठजोड़ में हड़कंप मच गया है। विभाग के उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता के कार्यों में लापरवाही, भ्रष्टाचार या अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस जांच के आधार पर इन दोनों निलंबित लिपिकों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
दोनों लिपिक मधुर मिश्र और विपिन कुमार श्रीवास्तव को अपर परिवहन आयुक्त की ओर निलंबत कर दिया गया है। साथ में विभागीय जांच के भी आदेश हो गए हैं।
- आलोक कुमार, एआरटीओ प्रशासन
