विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में बरसात थमी, अब 28 करोड़ रुपये से होगा पैचवर्क और सड़कों का निर्माण

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:32 PM (IST)

कानपुर नगर निगम 28 करोड़ रुपये से सड़कों का पैचवर्क और निर्माण कराएगा, जिसका लक्ष्य 30 दिन में शहर को गड्ढा मुक्त करना है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर में 28 करोड़ रुपये से सड़कों का पैचवर्क और निर्माण।

  2. 30 दिन में शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य।

  3. बारिश से क्षतिग्रस्त 318 सड़कों और नालियों की होगी मरम्मत।

जागरण संवाददाता, कानपुर। नगर निगम में टेंडर धांधली के बाद अब शहर में 28 करोड़ रुपये से पैचवर्क और सड़कों का निर्माण होगा।

30 दिन में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दिनों तीन दिन हुई बरसात के कारण उखड़ी सड़कों का भी सर्वे कराया जा रहा है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी और जल निगम को उनकी उखड़ी व धंसी सड़कों की सूची भेज दी गई है।

नगर निगम ने 318 सड़कों व नाली का निर्माण व पैचवर्क कराने के लिए 28 करोड़ रुपये के टेंडर कराए हैं। इसमें तीन करोड़ से 42 सड़कों के पैचवर्क के टेंडर होने बाकी हैं, जो अगले हफ्ते तक करा लिए जाएंगे। इसमें तिलक नगर में सागर विला से ठंडी पुलिया तक काम 9.94 लाख से कराया जाएगा।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि अफसरों को आदेश दिए हैं कि बरसात रुक गई है, इसलिए पैचवर्क का कार्य शुरू किया जाए। पिछले दिनों तीन दिन हुई बारिश के कारण कई सड़कें उखड़ गई हैं उनका भी सर्वे कराया जा रहा है। बरसात के समय हुए जो पैचवर्क उखड़े हैं, उनको भी ठीक कराया जाएगा।

विकास कार्यों के लिए बनी जांच कमेटी

नगर निगम में पांच करोड़ से कम लागत के होने वाले कार्यों के लिए जांच समिति बनी है। 15 प्रतिशत से कम पर टेंडर डालने वाली एक-एक कंपनी के कार्यों की जांच की जाएगी। मुख्य अभियंता प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने सभी जोनल अभियंताओं को एक हफ्ते में जांच करके रिपोर्ट देने को कहा है।

यह भी पढ़ें- बलरामपुर-तुलसीपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे की दर्दनाक मौत