कानपुर में गिरफ्तार हुए खाकी वर्दी गिरोह के चार लुटेरे, कई जिलों में सक्रिय था गैंग
चौबेपुर पुलिस ने खाकी वर्दी पहनकर लूटपाट करने वाले चार शातिरों को 35 हजार की नकदी और दो नई बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है।

HighLights
चौबेपुर पुलिस ने खाकी वर्दी गिरोह के चार लुटेरों को पकड़ा।
आरोपितों से 35 हजार नकदी और दो नई बाइकें बरामद हुईं।
यह गिरोह कानपुर सहित कई जनपदों में लूटपाट करता था।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चौबेपुर पुलिस ने दो नई बाइकों से लूटपाट की फिराक में खड़े चार शातिरों को 35 हजार की नकदी समेत गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ कई जनपदों में लूट और टप्पेबाजी के मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए शातिर हाईवे पर कार और बाइक से खाकी वर्दी में लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
बीते दिनों शिवराजपुर के एक पेट्रोल पंप के टैंकर चालक को कार में बैठाकर नकदी पार कर दी थी। आरोपितों ने कानपुर के हरबंश मोहाल और कल्याणपुर में भी लूट की घटनाएं करने की बात बताई है।
चौबेपुर थाना पुलिस ने रात में गश्त के दौरान देंदूपुर अंडरपास के नीचे संदिग्ध अवस्था में दो नई बाइकों पर बैठे चार युवकों को रोका तो उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन उन्हें पकड़ लिया।
एसआई शैलेंद्र गिरी ने बताया कि नई बाइकों पर नंबर प्लेट तक नहीं थी। पकड़े गए फर्रुखाबाद के कमालगंज थानाक्षेत्र के महरूपुर रावी निवासी कुलदीप, अजीत व गौरव और कन्नौज के गुरसहायगंज के खाड़ेदेवा निवासी अक्षय कुमार शातिर अपराधी हैं। उनके पास से 35 हजार रुपये बरामद हुए।
आरोपितों ने बताया कि ऐ खाकी वर्दी पहनकर लोगों को कार और बाइक में बैठा जेब काटने और लूटपाट की घटनाएं करते थे। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि चारों आरोपित मेरठ, लखनऊ, फर्रुखाबाद तक घटनाएं करते थे। कुलदीप के खिलाफ 13 और अजीत के खिलाफ 11 मुकदमे अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं।
चौबेपुर में पंप कर्मी व कल्याणपुर में महिला से की थी लूट
आरोपितों ने बताया कि उन्होंने नौ सितंबर की दोपहर शिवराजपुर के एक पेट्रोलपंप कर्मी इंदलपुर निवासी मोनू सविता को कार में पता पूछने के बहाने बैठाकर चौबेपुर के पास जेब काट दी थी। बाद में कुछ आगे उसे धक्का देकर गिरा दिया था।
17 सितंबर की शाम कल्याणपुर में निरंकारी भवन में सत्संग से लौट रही देवी सहाय नगर की महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी। दूसरे दिन हरबंश मोहाल में हमीरपुर के व्यापारी की 50 हजार की नकदी पार की थी।
