विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी पुलिस का अमानवीय रवैया; पनकी नहर में दो घंटे पड़ा रहा महिला का अर्धनग्न शव, सीमा विवाद में उलझी पुलिस ने बुलाया लेखपाल

Published: Mon, 10 Aug 2026 08:14 PM (IST)

कानपुर की पनकी नहर में एक महिला का अर्धनग्न शव मिला, जिस पर कल्याणपुर और पनकी पुलिस करीब दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही।

महिला के शव मिलने पर जांच करने पहुंची पुलिस। वीडियो ग्रैब

महिला के शव मिलने पर जांच करने पहुंची पुलिस। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. पनकी नहर में मिला अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव।

  2. कल्याणपुर और पनकी पुलिस दो घंटे सीमा विवाद में उलझी।

  3. डीसीपी पश्चिम के निर्देश पर पनकी पुलिस ने शव निकाला।

संवाद सहयोगी, पनकी (कानपुर)। कानपुर में पुलिस कार्यप्रणाली में एक अमानवीयता देखने को मिली। पनकी नहर में करीब दो घंटे तक महिला का अर्धनग्न हालत में शव सीमा विवाद में पड़ा रहा। कल्याणपुर और पनकी पुलिस सीमा विवाद को लेकर उलझी रहीं। इसके बाद लेखपाल को भी बुलाया गया।

पनकी नहर में सोमवार को अर्धनग्न महिला का शव मिला। सूचना पर कल्याणपुर और पनकी पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक पुलिस एक दूसरे का क्षेत्र बताकर मामले से पल्ला झाड़ते नजर आई। क्षेत्र किसका है, ये जानने के लिए लेखपाल तक को बुलाने की नौबत आ गई। हालांकि, इससे पहले ही डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने एसीपी पनकी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पनकी पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास लिए। पहचान न होने के चलते शव को मर्चुरी में रखवाया गया है।

पनकी नहर में सोमवार शाम करीब 40 वर्षीय महिला का शव बहता नजर आया। राहगीरों की सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को देखने के बाद पनकी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पनकी पुलिस ने शव पनकी क्षेत्र में न होने की बात कही। करीब दो घंटे तक सीमा विवाद के चलते शव बाहर नहीं निकाला जा सका। सीमा विवाद निपटाने के लिए लेखपाल तक को बुलाना पड़ा।

लेखपाल के आने से पहले ही डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने एसीपी पनकी अमित चौरसिया को घटनास्थल के निरीक्षण के निर्देश दिए। मौके पर पहुंचे एसीपी पनकी के निर्देश पर पनकी पुलिस ने इलाकाई लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराने का प्रयास किया। हालांकि महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला के गले में पीली धातु की जंजीर मिली है।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि कल्याणपुर और पनकी बार्डर पर शव मिला था, जिसकी वजह से भ्रम की स्थिति हो गई थी। महिला का शव सप्ताह भर पुराना प्रतीत हो रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

इधर, गंगा में डूबे युवक का 12 किलोमीटर दूर मिला शव

भैरोघाट गंगा नहाने के दौरान डूबे युवक का शव सोमवार 12 किलोमीटर दूर जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर मिला। सीसामऊ के प्रेमनगर निवासी संजीव चौरसिया का 22 वर्षीय बेटा मयंक शनिवार को चाचा राधाकृष्ण चौरसिया के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में नहाने लगा। तेज बहाव के चलते वह डूब गया था। कोहना थाना प्रभारी ने कहा कि स्वजन ने युवक की शिनाख्त कर ली है।