कानपुर में हर वार्ड को रोशन करेगा नगर निगम, लगेंगी दस-दस एलईडी लाइटें, चिह्नांकन जारी
पार्षद नवीन पंडित मनोज पांडेय शशि साहू रीता पासवान अरविंद यादव निर्मला मिश्रा राघवेंद्र मिश्र नीरज बाजपेई राजीव सेतिया कीर्ति अग्निहोत्री महेंद्र पांडेय अनिल वर्मा आरती गौतम सुधा सचान ने कहा कि एलईडी लाइट नहीं लगने के कारण जनता उनको घेरती है।
कानपुर, जेएनएन। नगर निगम शहर के हर वार्ड को रोशन करने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम सदन ने हर वार्ड में दस-दस एलईडी लाइटें लगाने के आदेश दिए हैं। 15 सितंबर को हुए नगर निगम सदन में महापौर प्रमिला पांडेय द्वारा दिए गए आदेश का मिनट जारी कर दिया गया है। इसके तहत नगर निगम के यांत्रिक विभाग ने लाइटें खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही हर वार्ड में दस-दस एलईडी लाइट लगाने के लिए स्थान चिह्नित हो रहे हैं। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में एक करो़ड़ रुपये से एलइडी लाइट लगाई जानी है। इसका भी सर्वे पूरा हो गया है। यहां पांच सौ से ज्यादा लाइटें लगनी हैं।
22 जून 2021 को हुई सदन की बैठक में एलईडी लाइट लगाने का आदेश दिया गया था लेकिन शासन से स्वीकृति में फंस गया। त्योहार में भी लाइटें नहीं लगने से नाराज पार्षदों ने इस बार सदन में हल्ला बोलने का फैसला लिया था, लेकिन सदन शुरू होने के साथ ही महापौर ने आदेश दिए कि टुकड़ों-टुकडों में प्रस्ताव तैयार करके एलईडी लाइट लगाई जाए। अगले हफ्ते से काम शुरू कर दिया जाए।
पार्षद नवीन पंडित, मनोज पांडेय, शशि साहू, रीता पासवान, अरविंद यादव, निर्मला मिश्रा, राघवेंद्र मिश्र, नीरज बाजपेई, राजीव सेतिया, कीर्ति अग्निहोत्री, महेंद्र पांडेय, अनिल वर्मा, आरती गौतम, सुधा सचान ने कहा कि एलईडी लाइट नहीं लगने के कारण जनता उनको घेरती है। कई इलाके अंधेरे में है। कई बार लिखकर दे चुके है लेकिन हर बार सदन के आदेश के चलते लाइट नहीं लग रही है। अब सदन ने आदेश दे दिए है लाइटें लगना शुरू होगी।
पनकी, दादानगर और फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में एक करोड़ रुपये से एलईडी लाइट लगायी जानी है। इसमें कई जगह खंभे भी लगने है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता (यांत्रिक) आरके पाल ने बताया कि सदन की स्वीकृति मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। त्यौहार से पहले एलईडी लाइटें लग जाएगी।