नजर नहीं आई बिना गिट्टी के बिछ रही टाइल्स, मुख्य अभियंता ने पकड़ा खेल
जोन चार के वार्ड 61 स्वरूप नगर क्षेत्र में लग रहे टाइल्स उखाड़ कर देखा कि गिट्टी डाली नहीं गई है। मुख्य अभियंता ने कंपनी मेसर्स वर्तिका कांस्ट्रक्शन पर अर्थ दंड लगाते हुए टाइल्स मानक के अनुरूप लगाने के आदेश दिए।
कानपुर : अभियंताओं और ठेकेदारों की मिलीभगत से नगर निगम में विकास के नाम पर चूना लग रहा है। अभियंताओं की फौज होने के बाद भी बिना गिट्टी बिछाए टाइल्स लगा दी गई। मुख्य अभियंता ने शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया तो पोल खुल गई। मौके पर ही बिना गिट्टी के लगी टाइल्स उखड़कर फिर से लगाने के आदेश दिए। साथ ही ठेकेदार पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है और संबंधित अभियंताओं से स्पष्टीकरण तलब किया है।
मुख्य अभियंता एसके ङ्क्षसह ने जोन चार के वार्ड 61 में स्वरूप नगर क्षेत्र में लग रहे टाइल्स का निरीक्षण किया। मौके पर ही टाइल्स उखाड़ कर देखा कि गिट्टी डाली नहीं गई है। इस पर छह लाख रुपये से टाइल्स लगा रही कंपनी मेसर्स वर्तिका कांस्ट्रक्शन पर पांच हजार रुपये अर्थ दंड लगाते हुए लगी टाइल्स उखड़कर मानक के अनुरूप लगाने के आदेश दिए।
इसके अलावा मुख्य अभियंता ने कहा कि समुचित पर्यवेक्षण न करने के लिए अधिशासी अभियंता यशवीर ङ्क्षसह, सहायक अभियंता सतीश कमल और अवर अभियंता नवीन से जवाब तलब किया है। भविष्य में पुनरावृत्ति न हो इसका ध्यान रखे।
वहीं जोन तीन में विकास कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है। साकेत नगर में सड़क पर लगने वाली फलमंडी के बगल में स्थित नाला पिछले एक साल से कई जगह खुला होने के कारण खतरनाक है। इसमें कई जानवर फंस चुके है। नगर आयुक्त और मुख्य अभियंता के आदेश के बाद भी कार्य नहीं हुआ है। कार्य को लेकर टेंडर भी हो चुका है। चार माह गुजर जाने के बाद भी वर्कआडर नहीं हुआ है। इस मामले में मुख्य अभियंता ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सभी कार्यों को चिह्नित करके मौके पर निरीक्षण कराया जाएगा।