विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर हत्याकांड: शालू का भाई बोला- बहन ने नहीं रची ससुर की हत्या की साजिश, कोई और है सिक्के का पहलू

Published: Fri, 11 Sep 2026 12:44 PM (IST)

दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में आरोपी बहू शालू के भाई-बहन ने उसे बेकसूर बताया है, दावा किया कि उसने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शालू के भाई-बहन ने उसे बेकसूर बताया, साजिश से इनकार किया।

  2. दावा किया कि शालू ने अपने ससुर की हत्या नहीं कराई।

  3. पुलिस अब दिवंगत के बेटे सुब्रत की भूमिका जांच रही है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। दवा कारोबारी हत्याकांड में अब एक के बाद एक नई बातें सामने आ रही हैं, जिसने अब पुलिस जांच की दिशा बदल दी है। गुरुवार को पहली बार हत्या की साजिश रचने के आरोप में जेल में बंद शालू के भाई-बहन ने मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखा।

भाई ने बहन को बेकसूर बताते हुए दावा किया कि शालू ने हत्या की कोई साजिश नहीं रची। इस सिक्के का पहलू कोई और है। उनका कहना था कि इत्तेफाक से उस रात किटी पार्टी की आयोजक शालू थी, लेकिन ये आरोप गलत हैं कि ससुर की हत्या हो रही थी और बहन पार्टी में नाच रही थी।

उसे इस बात की जानकारी ही नहीं थी। वह दो बार बहन से जेल में मिले। उसने बच्चे और पति सुब्रत के बारे में पूछा, लेकिन सुब्रत एक बार भी उससे मिलने नहीं आया। वहीं, इस हत्याकांड में पुलिस अब दिवंगत के बेटे सुब्रत की संलिप्तता को लेकर जांच कर रही है।

इंदिरानगर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की शनिवार रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से रेलबाजार के नूनिया मोहाल निवासी हत्यारोपित पुराने नौकर विशाल गौतम व हरबंश मोहाल के मथुरी मोहाल के राज किशोर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।

विशाल ने दावा किया था कि उसने कारोबारी की बहू शालू के कहने पर हत्या की थी। शालू मूलरूप से लखनऊ के ठाकुरगंज की रहने वाली है। पुलिस ने शालू को भी गिरफ्तार कर सोमवार को तीनों आरोपितों को जेल भेज दिया। घटना के चार दिन बाद गुरुवार को साजिशकर्ता शालू के बड़े भाई बेकरी कारोबारी धीरज अरोड़ा और बड़ी बहन सोनिया ने प्रेसवार्ता की।

'बहन ने चींटी तक नहीं मारी, ससुर की हत्या कैसे कराएगी'

धीरज ने दावा किया कि बहन शालू ने चींटी तक नहीं मारी तो वह अपने ही ससुर कर हत्या की साजिश कैसे रच सकती है। लोग कह रहे हैं कि ससुर ने शालू के लिए घर में कैमरे लगवाए थे, जबकि कैमरे उन्होंने अपनी वृद्ध अस्वस्थ मां की निगरानी के लिए लगवाए थे।

यह भी कहा गया कि ससुर शालू को जो भी खर्च देते थे, वह उसका हिसाब लेते थे, जबकि बहन ने ऐसा कभी नहीं बताया। उन्होंने कहा कि गार्ड या हत्यारोपित नौकर ने क्या बयान दिए और उसमें कितनी सच्चाई है, यह पुलिस की जांच में आ जाएगा। पुलिस मामले में दिवंगत के बेटे सुब्रत और पत्नी और मां, छोटे भाई समेत परिवार के अन्य लोगों से एक बार फिर पूछताछ करेगी।

यह भी पढ़ें- 'तुम तो धोखेबाज हो...', ससुर की हत्या के वक्त पार्टी में डांस कर रही थी बहू, कानपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा

सुब्रत ने साले से भी बात करने से कर दिया इनकार

धीरज से जब पूछा गया कि शालू के पति सुब्रत से हत्याकांड को लेकर क्या बात हुई तो उन्होंने कहा कि उनसे अभी संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रयास किया था, लेकिन उन्होंने अभी बात करने से मना कर दिया है। वह अभी सदमे में भी हैं।

दवा कारोबारी हत्याकांड में दिवंगत के बेटे को अभी क्लीनचिट नहीं दी गई है। विवेचना चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।