विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा: सीसी कैमरे, ड्रोन और वालंटियर करेंगे निगरानी

Published: Sat, 13 Jun 2026 11:30 PM (IST)

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कानपुर में मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित निकालने के लिए बैठक की। जुलूस की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीसी कैमरे, ड्रोन और वालंटियर करेंगे जुलूस की निगरानी।

  2. अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।

  3. जुलूस मार्गों की समस्याओं का समय पर होगा निस्तारण।

जागरण संवाददाता, कानपुर। मोहर्रम जुलूस शांति और सुरक्षित निकालने के लिए उसकी निगरानी सीसी कैमरे, ड्रोन और वालंटियर करेंगे। अगर किसी ने कोई अफवाह फैलाई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोहर्रम जुलूस को लेकर शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर में सभी व्यवस्थागत समस्याएं दूर कराने के लिए विभागों को निर्देश दिए हैं।


पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित न करें। उन संदेशों पर ऐसे ही विश्वास न करें और बिना सोचे समझे आगे न बढ़ाएं। ऐसी सूचनाएं पुलिस-प्रशासन को जरूर बताएं। इस दौरान प्रतिनिधियों ने आयोजन से जुड़ी समस्याएं जुलूस मार्गों पर बिजली के लटकते तारों, टूटी सड़कों- गड्ढों, जलभराव, चोक नालियों व अतिक्रमण आदि बताईं।

इस पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित समस्याओं का सर्वेक्षण कर समय से उनका निस्तारण करें। बैठक में विद्युत विभाग, नगर निगम, जलकल, जल निगम, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे मोहर्रम से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लें ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो ।

विशेष रूप से जुलूस मार्गों पर लटक रहे विद्युत तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, नालियों एवं नालों की सफाई कराने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लिए ये प्रमुख निर्णय

  • लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित डेसीबल सीमा में किया जाएगा।
  • नई उम्र के युवाओं को समझाकर कानून व्यवस्था बनाए रखें।
  • पुलिस युवा मित्र व वालंटियर पूरे आयोजन पर निगरानी रखेंगे।
  • जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
  • लोहे की राड व गीले बांस से बने झंडों का प्रयोग न करें।
  • मानक के अनुरूप झंडों की ऊंचाई रखी जाएगी ।
  • बिजली के लटकते तारों को समय से ठीक कराया जाएगा ।
  • नगर निगम सफाई व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करे।
  • संबंधित विभाग अपनी सड़कों के गड्ढों और अन्य कमियों को दूर करें।
  • भ्रामक व अपुष्ट संदेशों को प्रसारित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • सेंट्रल कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे आयोजन की मानिटरिंग की जाएगी।