कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 पर तेजी से काम, नौबस्ता तक सेवाएं जल्द
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन पर चार स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल का कार्य पूरा हो गया है, जिससे तकनीकी ...और पढ़ें

स्टेशन पर मौजूद मेट्रो रेल। सौ. मेट्रो
HighLights
कॉरिडोर-2 के चार स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल का कार्य पूरा।
तकनीकी कक्षों का निर्माण शुरू, मेट्रो संचालन के लिए महत्वपूर्ण।
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवाएं जल्द होंगी शुरू।
जागरण संवाददाता, कानपुर। मेट्रो के कारिडोर-दो (सीएसए-बर्रा-आठ) के दो हिस्सों में बन रहे 4.50 किमी लंबे एलीवेटेड सेक्शन पर मेट्रो स्टेशनों के ढांचे तेजी से आकार ले रहे हैं। मेट्रो ने इस सेक्शन के दो स्टेशनों, बर्रा-आठ और शास्त्री चौक पर प्लेटफार्म लेवल की ढलाई का कार्य पूरा कर लिया है।
इससे पहले जून में ही विजय नगर और बर्रा-सात स्टेशनों के प्लेटफार्म लेवल की ढलाई पूरी की गई थी। अब इस सेक्शन के कुल चार स्टेशनों पर प्लेटफार्म लेवल की ढलाई का कार्य पूरा किया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि प्लेटफार्म लेवल का कार्य पूरा होने के साथ ही इन चारों एलीवेटेड स्टेशनों के कानकोर्स लेवल पर तकनीकी कक्षों का निर्माण शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशनों पर सिग्नलिंग, टेलीकाम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से संबंधित तकनीकी कक्ष तैयार किए जाते हैं, जो मेट्रो संचालन के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।
इन तकनीकी कक्षों का निर्माण पूरा होते ही मेट्रो संचालन के लिए आवश्यक विभिन्न तकनीकी प्रणालियों एवं उपकरणों को स्थापित करने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, जल्द ही इन स्टेशनों पर प्लेटफार्म की छत के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर के परिनिर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
कारिडोर-दो की रूपरेखा
उन्होंने बताया कि कारिडोर-दो (सीएसए-बर्रा-आठ) के एलीवेटेड मेट्रो सेक्शन का निर्माण दो हिस्सों में हो रहा है। इसमें पहला हिस्सा सीएसए से कारिडोर-दो डिपो रैंप तक है और दूसरा भाग डबल पुलिया रैंप से बर्रा-आठ तक है। इस एलीवेटेड सेक्शन में कुल पांच स्टेशन हैं। इनमें एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजयनगर चौराहा, शास्त्रीचौक, बर्रा-सात और बर्रा-आठ हैं। कारिडोर-दो में इस एलीवेटेड सेक्शन के अलावा तीन अन्य स्टेशन हैं। इनमें से रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन बनाए जा रहे हैं। 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी है।
23.50 किमी लंबे कारिडोर-एक (आइआइटी-नौबस्ता) के अंतर्गत वर्तमान में मेट्रो की यात्री सेवाएं आइआइटी से कानपुर सेंट्रल तक के सेक्शन पर संचालित हो रही हैं। कारिडोर-एक के शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता) पर जल्द ही यात्री सेवाएं आरंभ होने की संभावना है। वहीं, 8.60 किमी लंबे कारिडोर-दो (सीएसए-बर्रा-आठ) का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
- सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक-यूपीएमआरसी
