पितृपक्ष से पहले कानपुर के दक्षिण को मिल सकती है मेट्रो, 26 सितंबर के आसपास सेंट्रल-नौबस्ता रूट पर दौड़ने की तैयारी
कानपुर मेट्रो के सेंट्रल से नौबस्ता रूट पर संचालन की तारीख का इंतजार खत्म हो सकता है, 26 सितंबर के ...और पढ़ें

कानपुर मेट्रो।
HighLights
मेट्रो संचालन की नई संभावित तिथि 26 सितंबर के आसपास
दक्षिण कानपुर के निवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति
आईआईटी से नौबस्ता तक 40 मिनट में यात्रा संभव
जागरण संवाददाता, कानपुर। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेनगुप्ता के निरीक्षण के ढाई महीने बीत चुके हैं, लेकिन सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू नहीं हो पाया है। उधर, दक्षिण वाले पूछ रहे हैं कि मेट्रो का संचालन कब से शुरू होगा। इस मामले में यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपी-एमआरसी) के अधिकारी भी जवाब नहीं दे रहे हैं। हालांकि अब एक नई डेट सामने आई है।
वैसे, मेट्रो संचालन प्रारंभ होने से सबसे बड़ी सहूलियत खासकर शहर के दक्षिण क्षेत्र के लोगों को होगी। उन्हें टाटमिल चौराहा व अन्य चौराहों के जाम से मुक्ति मिल जाएगी, उनका रेलवे स्टेशन से लेकर आईआईटी एवं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय समेत उत्तर क्षेत्र के अन्य स्थलों पर आवागमन आसान हो जाएगा।
फिलहाल, दक्षिण कानपुर के लाखों निवासियों का वर्षों पुराना सपना पूरा होने के बेहद करीब आकर अटक गया है। सेंट्रल से नौबस्ता के बीच बनकर तैयार हो चुके मेट्रो ट्रैक पर ट्रायल से लेकर सुरक्षा जांच तक की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बावजूद इस रूट पर यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
नौबस्ता, बारादेवी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब सारा काम पूर्ण है, तो ट्रेन चलाने में इतनी हिचकिचाहट क्यों? मेट्रो प्रशासन के गलियारों में सन्नाटा पसरा है और कोई भी अधिकारी आधिकारिक तौर पर यह बताने को तैयार नहीं है कि कमर्शियल रन की शुरुआत किस दिन से होगी।
मेट्रो संचालन शुरू होने में मिल रही तारीख पर तारीख
मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त की ओर से सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक के 8.50 किमी लंबे कारिडोर पर ट्रेन संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किया जा चुका है। हाई-स्पीड ट्रायल से लेकर स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीनें लगाने तक का काम महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन उद्घाटन की तारीख तय न होने के फेर में मेट्रो के पहिए थमे हैं। पहले जून, फिर 15 अगस्त की समयसीमा बीतने के बाद भी आम जनता को केवल इंतजार ही मिला है।
रोजाना जाम से जूझती दक्षिण की बड़ी आबादी
दक्षिण कानपुर (साउथ सिटी) की आबादी शहर की सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है। नौबस्ता, किदवई नगर, बसंत विहार, और बारादेवी जैसे इलाकों के लोगों को रोजाना शहर के मुख्य हिस्से या सेंट्रल रेलवे स्टेशन जाने के लिए भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है।
मेट्रो शुरू होने से ये दूरी महज 40 मिनट में सिमट जाएगी
अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक, जैसे ही नौबस्ता रूट चालू होगा, मेट्रो की दैनिक राइडरशिप 24-25 हजार से बढ़कर सीधे 80 हजार से भी अधिक प्रतिदिन तक पहुंच सकती है। इतने बड़े फायदे और जनता की सहूलियत के बाद भी परियोजना को लटका कर रखना लोगों की समझ से परे है। मेट्रो प्रारंभ होने से नौबस्ता से सीधे आईआईटी की 23.50 किमी की दूरी महज 40 मिनट में तय कर सकेंगे। वैसे, अभी लोगों को अव्यवस्थित ट्रैफिक से जूझते हुए आईआईटी तक पहुंचने में डेढ़-दो घंटे से भी अधिक समय लग जा रहा है।
दक्षिण के लोगों का उत्तर में आवागमन
- 30-35 हजार लोग सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं रोजाना
- 70-80 हजार छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग रोजाना दक्षिण से परेड, बड़ा चौराहा और सिविल लाइंस की तरफ आते हैं।
- 60-70 हजार छात्र और नौकरीपेशा लोग रावतपुर, काकादेव और आईआईटी एवं सीएसजेएमयू रूट की तरफ जाते हैं।
- 1 लाख से अधिक लोग रोजाना आटो, टेंपो और ई-रिक्शा से टाटमिल, झकरकटी और जरीब चौकी होते हुए सफर करते हैं।
- 1.2 लाख लोग निजी वाहनों से टाटमिल, झकरकटी और जरीब चौकी के रास्तों से गुजरते हैं।
ये भी जानें
- 23.50 किमी लंबा है आईआईटी से नौबस्ता मेट्रो कारिडोर।
- 15 किमी लंबे सेक्शन (आईआईटी से सेंट्रल) पर ही यात्रियों को मिल पा रही सेवाएं।
- 06 मेट्रो रेल वर्तमान में आईआईटी से सेंट्रल तक दे रहीं सेवाएं।
- 07 स्टेशन सेंट्रल से नौबस्ता तक बने हैं, स्टाफ भी तैनात।
- 23 ट्रेनें भी डिपो में खड़े होकर ट्रैक पर रफ्तार भरने का कर रहीं इंतजार।
26 को पितृपक्ष के पहले सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन होने की उम्मीद है। सीएमआरएस ने भी इस ट्रैक पर मेट्रो संचालन को स्वीकृति दे दी है। मेट्रो संचालन शुरू करने की अनुमति देने को राज्य सरकार के आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय पत्र को भी लिखा जा चुका है। अब हमारा पूरा फोकस दूसरे कारिडोर (सीएसए-बर्रा-8) पर है। दिसंबर तक सीएसए से रावतपुर तक अंडरग्राउंड ट्रैक पर मेट्रो का ट्रायल कर शुरू कर देंगे।
- पंचानन मिश्र, संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क विभाग)-यूपी मेट्रो रेल
यह भी पढ़ें- कानपुर में 5वीं पास मास्टरमाइंड का किराए के कमरों में 'नोट कारखाना', प्रिंटर से छापे 10 लाख के नकली नोट, तीन गिरफ्तार
