विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रताड़ना और थाने से आहत युवक दूसरी मंजिल पर चढ़ गले में डाला फंदा, पुलिस के फूले हाथ-पांव, केस दर्ज होने पर ही उतरा

Published: Tue, 25 Aug 2026 10:59 PM (IST)

कानपुर के बिधनू में एक मजदूर ने ग्राम प्रधान और दो अन्य पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए गले में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मजदूर ने ग्राम प्रधान पर प्रताड़ना का आरोप लगाया

  2. गले में फंदा डालकर दूसरी मंजिल पर चढ़ा युवक

  3. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक को नीचे उतारा

संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। सेन पश्चिम पारा न्योरी गांव में मंगलवार सुबह एक मजदूर गले में फंदा डालकर मकान के दूसरी मंजिल के छज्जे पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि ग्राम प्रधान समेत तीन लोग उसे बीते एक वर्ष से प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि तीनों ने कई बार उसे थाने में पुलिस से पिटवाया भी।

दो दर्जन शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर उसने कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने के लिए फंदा डलाकर छज्जे पर चढ़ा। करीब छह घंटे तक पुलिस उसे समझाती रही। मुकदमा दर्ज होने और प्राथमिकी की प्रति दिखाए जाने के बाद युवक नीचे उतरा। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

न्योरी निवासी 40 वर्षीय मजदूर श्याम सुंदर का पड़ोसी रामबाबू से करीब एक वर्ष पहले विवाद हुआ था। श्याम सुंदर का आरोप है कि ग्राम प्रधान रामनरेश यादव के कहने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद उनके कहने पर पुलिस ने थाने में उसकी पिटाई की।

आरोप है कि ग्राम प्रधान के साथ गांव के रवि पांडेय, प्रशान्त पांडेय भी उसे आये दिन प्रताड़ित कर पुलिस से पिटाई कराते रहें। उसने कार्रवाई की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री जनता दरबार में दो दर्जन प्रार्थनापत्र दिए। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह मंगलवार सुबह करीब छह बजे  पत्नी गोमती और तीन बच्चों को कमरें में बंदकर मकान के मुख्य गेट पर अंदर से ताला डाल दिया।

इसके बाद मकान के छज्जे पर चढ़कर रस्सी का फंदा गले में डाल लिया और  आरोपितों के खिलाफ मुकदमा न दर्ज होने पर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। जिसपर थाना प्रभारी फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए फायर ब्रिगेड भी बुला ली गई। इस दौरान युवक छज्जे से लाउड स्पीकर से कुछ पुराने आरोपितों से बातचीत के आडियो सुनाता रहा।

करीब छह घंटे बाद पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और मुकदमे की प्रति दिखाई। जिसपर वह छज्जे से नीचे उतरा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर युवक छज्जे पर चढ़ा था। तहरीर के आधार एससी एसटी एक्ट व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

श्यामसुंदर से मेरा कोई विवाद नही है। बीते कुछ माह से वो मेरे खिलाफ लगातार प्रार्थना पत्र दे रहा है। ऐसा वह क्यों कह रहा है इसकी भी जानकारी नही है।
- रामनरेश यादव, ग्राम प्रधान न्यूरी