लग्जरी गाड़ी से बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कानपुर पुलिस ने सात को दबोचा
चौबेपुर पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले सात सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने चोरों को किया गिरफ्तार।
HighLights
चौबेपुर पुलिस ने सात चोरों को गिरफ्तार किया।
चोर लग्जरी कार से बिजली तार, ट्रांसफार्मर चुराते थे।
आठ बंडल तार, ₹68 हजार नकद बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चौबेपुर पुलिस ने सोमवार की रात बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक गिरोह के सात आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से तार के बंडल और ट्रांसफार्मर का सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपित युवक लग्जरी कार से बिजली के तार की कटिंग का गिरोह चला रहे थे।
चौबेपुर पुलिस ने क्षेत्र के जादेपुर घस्सा मोड़ के पास गश्त के दौरान एक काले रंग की स्कार्पियाें को रोका। कार रोकते ही उसमें सवार युवक जंगल की ओर भागे। जिनको पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए कार सवार बर्रा कानपुर निवासी रंजीत श्रीवास्तव,हूलागंज निवासी उमेश गुप्ता,जूही निवासी वंदन बाबू पासवान,हनुमंत विहार के आलोक पांडेय,खाडेपुर अर्रा निवासी देवांश दुबे,हनुमंत विहार के आदित्य मिश्रा और जलपाई गुड़ी पश्चिम बंगाल निवासी गौतम राजपूत ने पुलिस को बताया कि वह लोग रात में सूनसान स्थानों पर बिजली के तार कटिंग और ट्रांसफार्मर चोरी करते है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों के खिलाफ कानपुर,उन्नाव और फतेहपुर जिलों में भी मुकदमे दर्ज है। इन युवकों के पास से आठ बंडल एल्मुनियम तार,तांबे के तीन बंडल व ट्रांसफार्मर के पुुर्जें सहित 68 हजार की नकदी बरामद की गई है। ये लोग स्कार्पियों से सवार हो चोरी की घटनाएं करते थे।
